कोटा की मेडिकल छात्रा डॉ. कोमल वर्मा को मिला रिसर्चर ऑफ द ईयर 2026 अवॉर्ड, ACP सम्मान पाने वाली बनीं पहली छात्र
राजकीय मेडिकल कॉलेज कोटा की छात्रा डॉ. कोमल वर्मा सलूजा को अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस के इंडिया चैप्टर ने 'रिसर्चर ऑफ द ईयर अवॉर्ड 2026' से सम्मानित किया है।

कोटा की मेडिकल छात्रा को रिसर्चर ऑफ द ईयर अवॉर्ड (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
डॉ. कोमल वर्मा सलूजा को 'रिसर्चर ऑफ द ईयर' अवॉर्ड मिला।
वह एसीपी से सम्मान पाने वाली सबसे कम उम्र की छात्रा हैं।
डायबिटीज और फैटी लिवर पर उनके शोध वैश्विक महत्व के हैं।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज कोटा की अंतिम वर्ष की छात्रा डॉ. कोमल वर्मा सलूजा को अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस (एसीपी) के इंडिया चैप्टर ने ‘रिसर्चर ऑफ द ईयर अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया है।
वह एसीपी से यह सम्मान पाने वाली सबसे कम उम्र की और पहली मेडिकल छात्रा हैं। इंदौर में शनिवार शाम आयोजित कार्यक्रम में एसीपी के ग्लोबल एंबेसडर एवं अमेरिका स्थित बोर्ड ऑफ रीजेंट्स के सदस्य डॉ. नोएल एन. डीप और टेनेसी में मेडिसिन की डीन डॉ. मुक्ता पांडा ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
डॉ. सलूजा के शोध में वैश्विक स्वास्थ्य से जुड़े दो महत्वपूर्ण अध्ययन शामिल हैं। उनका एक शोध ‘नेचर साइंटिफिक रिपोर्ट्स’ में प्रकाशित हुआ, जिसमें टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों में शुरुआती संज्ञानात्मक गिरावट की पहचान के लिए ब्रेन एमआरआई आधारित इमेजिंग बायोमार्कर विकसित किया गया।
दूसरे शोध में सामान्य इकोकार्डियोग्राफी के माध्यम से फैटी लिवर बीमारी की पहचान के लिए नई जांच पद्धति विकसित की गई।
लिवर बीमारी संबंधी शोध के लिए उन्हें अमेरिकन कॉलेज ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी से 2,000 अमेरिकी डॉलर की अंतरराष्ट्रीय यात्रा अनुदान राशि भी मिली है। वह राजस्थान की पहली मेडिकल छात्रा हैं, जिनका चयन इंडो-यूएस साइंस एंड टेक्नोलॉजी फोरम के खोराना प्रोग्राम ऑफ स्कॉलर्स के लिए हुआ।
कोमल ने एनईईटी-यूजी 2020 में 67वीं रैंक हासिल की और एमबीबीएस की परीक्षाओं में लगातार विश्वविद्यालय टॉपर रहीं। कॉलेज प्राचार्य डॉ. निलेश जैन ने उनकी उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरव बताया।
