विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान:बांसवाड़ा में 1.18 करोड़ की लूट का खुलासा, सरपंच बनने का सपना देखने वाले समेत 4 गिरफ्तार

Published: Sat, 26 Sep 2026 04:09 PM (IST)

बांसवाड़ा पुलिस ने 1.18 करोड़ रुपये की लूट का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक ...और पढ़ें

1.18 करोड़ की लूट का खुलासा

1.18 करोड़ की लूट का खुलासा

HighLights

  1. बांसवाड़ा पुलिस ने 1.18 करोड़ रुपये की लूट का किया खुलासा।

  2. चार आरोपी गणाऊ में शराब पार्टी करते हुए दबोचे गए।

  3. एक आरोपी सरपंच चुनाव के लिए धन जुटाने हेतु लूट में शामिल।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना पुलिस और साइबर सेल ने नेशनल हाईवे-927ए स्थित महाराणा प्रताप सेतु (गेमन पुल) पर हुई 1.18 करोड़ रुपए की लूट का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों को गणाऊ में एक सुनसान नाले में शराब पार्टी करते हुए दबोचा। पुलिस के अनुसार वारदात में लूटी गई रकम और इस्तेमाल वाहन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने 18 लाख रुपए लूटे जाने की रिपोर्ट दी थी, जबकि वास्तविक लूट 1 करोड़ 18 लाख रुपए की थी। ड्राइवर को पूरी रकम की जानकारी नहीं थी।

पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को मोहन पुत्र अमरेग निवासी ठिकरिया अपने साथी मुकेश के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से रतलाम से बांसवाड़ा लौट रहा था। रात करीब 10.05 बजे गेमन पुल पार कर माता जी मंदिर के पास पहुंचने पर एक ट्रैक्टर अचानक सामने आ गया।

कार रुकते ही पीछे से बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर पहुंची। उसमें सवार 3-4 बदमाशों ने लाठी-तलवार से हमला कर कार के शीशे तोड़े और दोनों को बाहर खींच लिया। इसके बाद कार में रखे रुपयों के पार्सल और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस को 24 सितंबर को सूचना मिली कि अजय डिंडोर, मोहनलाल राणा, कन्हैयालाल उर्फ कानू और प्रकाश कटारा गणाऊ में नाले में शराब पार्टी कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। भागने के दौरान अजय और मोहनलाल पत्थरों पर गिरकर घायल भी हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार की। न्यायालय ने चारों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में एक सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था और चुनाव के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से लूट की साजिश में शामिल हुआ।