Rajasthan: जालोर में महेंद्र सिंह धौनी को देखने के लिए उमड़ी भीड़ हुई बेकाबू, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
Rajasthan जालोर में महेंद्र सिंह धौनी की एक झलक पाने के लिए लोग बेकाबू हो गए जिनको नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। कार्यक्रम होता उससे पहले ही भीड़ बेकाबू हो गई जिसके बाद धौनी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Rajasthan: राजस्थान में जोधपुर संभाग के जालोर के जाखल गांव में एक विद्यालय का फीता काटने पहुचे महेंद्र सिंह धौनी को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। अपने चहेते क्रिकेटर माही की एक झलक पाने के लिए लोग बेकाबू हो गए, जिनको नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। कार्यक्रम होता उससे पहले ही भीड़ बेकाबू हो गई, जिसके बाद धौनी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। दरअसल, जालोर के जाखल में जैन समाज के द्वारा दो करोड़ की राशि से एक राजकीय विद्यालय का निर्माण करवाया गया था। इसके उद्घाटन के लिए महेंद्र सिंह धौनी को बुलाया गया था। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए महेंद्र सिंह धौनी जाखल पहुंचे।
धौनी के आने की जानकारी मिलने पर जाखल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं की टीम उन्हें देखने के लिए विद्यालय प्रांगण में इकट्ठा हो गई। हालांकि आयोजकों द्वारा टेंट लगाए गए थे और व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी मौजूद था। इसके बावजूद अपने चहेते क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए भीड़ बेकाबू हो गई। धौनी की झलक पाते ही भीड़ ने माही के नाम के नारे लगाए। ऐसे में धौनी विद्यालय कक्ष का फीता काटते उससे पहले पीछे से लोगों ने धक्का दे दिया, जिससे फीता उखाड़ दिया। धौनी आयोजकों के साथ जैसे ही मंच की ओर बढ़े तो भीड़ भी मंच की ओर बढ़ चली।
लोगों ने धौनी को देखने के लिए टेंट और बेरिकैड्स तोड़ दिए। ऐसे में सुरक्षा कारणों से फीता काटे बगैर धौनी को लौटना पड़ा। स्थिति को बिगड़ते देख मौजूद पुलिसकर्मियों ने लाठियां भांजी और भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इससे एक बारगी अफरातफरी मच गई। पुलिस के जवानों ने स्थिति को संभालते हुए परिसर से धौनी को सुरक्षित निकाला। आयोजकों के साथ धौनी थोड़ी देर रुकने के बाद वापस रवाना हो गए। जालोर जिले के जाखल गांव में संघवी तीजाबेन मिश्रीमल कटारिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन के उद्घाटन के लिए विशेष तौर से धौनी को बुलाया गया था।