Rajasthan: वर्ल्ड विल्डरनेस कांग्रेस का आयोजन अगले वर्ष जयपुर में
World Wilderness Congress in Jaipur. वर्ल्ड विल्डरनेस कांग्रेस का आयोजन अगले वर्ष जयपुर में होगा। इसमें 40 से भी अधिक देशों के 1500 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग लेंगे।
राज्य ब्यूरो, जयपुर। World Wilderness Congress in Jaipur. दुनियाभर में वन और पर्यावरण क्षेत्र के सबसे बड़े आयोजनों में से एक 'वर्ल्ड विल्डरनेस कांग्रेस' का आयोजन इस बार राजस्थान के जयपुर में होगा। अगले वर्ष 19 से 26 मार्च तक होने वाले इस आयोजन के लिए प्रदेश सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस आयोजन में 40 से भी अधिक देशों के 1500 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनमें राष्ट्र प्रमुख, प्रख्यात पर्यावरणविद्, वैज्ञानिक, नोबेल पुरस्कार विजेता, देश और विदेश की स्वयंसेवी संस्थाएं, विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ हॉलीवुड और बॉलीवुड हस्तियां भी शामिल होंगी।
इसका आयोजन विल्डरनेस फाउंडेशन ग्लोबल, वाइल्ड फाउंडेशन और राजस्थान सरकार की ओर से किया जा रहा है। राजस्थान के मुख्य सचिव डीबी गुप्ता ने हाल में इस आयोजन के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए जयपुर शहर को चुना जाना अत्यंत हर्ष का विषय है। इस कार्यक्रम की ज्यादातर गतिविधियां बिड़ला ऑडिटोरियम तथा जयपुर के सेंट्रल पार्क में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के पर्यावरण संरक्षणवादी, पर्यावरणविद्, वैज्ञानिक, कॉर्पोरेट हेड और साथ ही कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, नोबेल पुरस्कार विजेता शामिल होंगे। गुप्ता ने संबंधित विभागों को इस कार्यक्रम के लिए एक-एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।
इससे पहले 'वर्ल्ड विल्डरनेस कांग्रेस' का शिखर सम्मेलन 1998 में बेंगलुरू में भी आयोजित हो चुका है। इसमें दुनियाभर के पर्यावरण एवं वन्य जीवन से जुड़े अहम मुद्दों पर गहन चिंतन और मंथन कर कई अहम फैसले लिए जाएंगे। कुछ समय पहले इस कार्यक्रम के आयोजकों ने भी जयपुर का दौरा किया था। इनमें वर्ल्ड विल्डरनेस कांग्रेस के चेयरमैन मोयो टोडानी, ग्लोबल प्रेसिडेंट वेंस मार्टिन और इवेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील मेहता शामिल थे।