Murder In Rajasthan: पति की हत्या के बाद सास के पास रहने के लिए पहुंची विवाहिता गिरफ्तार
Murder In Rajasthan पति की हत्या के बाद विवाहिता अपनी सास के पास रहने के लिए पहुंच गई। शनिवार को पुलिस ने पति की हत्या के मामले में विवाहिता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना राजस्थान के डूंगरपुर की है।
उदयपुर, संवाद सूत्र। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां विवाहिता अपने पति की हत्या के बाद सास के पास रहने पहुंच गई। उसने शराब के नशे के दौरान अपनी सास को बता दिया था कि उसने अपने पति को मार दिया, लेकिन उसकी सास विश्वास नहीं कर पा रही। घटना के चार दिन बाद लोगों को जब उसके घर से बदबू आई तो घटना से पर्दा उठा। शनिवार को पुलिस ने पति की हत्या के मामले में विवाहिता को गिरफ्तार कर लिया। घटना डूंगरपुर जिले के साबना थाना क्षेत्र के मुंगेड़ गांव की है। यहां बूचियाबड़ा गांव का नाथू यादव अपनी पत्नी कांता के साथ परिवार से अलग एक कमरे में रहता था। दोनों मजदूरी करते थे, जबकि उसकी मां गुलाब यादव पति की मौत के बाद अकेली बूचियाखेड़ा में रहती थी।
चार दिन पहले कांता अपनी सास के पास आई और शराब के नशे में अपनी सास को बताया कि उसने पति नाथू यादव की हत्या कर दी है और अब वह उनके साथ रहने आई है। सास को अपनी बहू की कही बात पर विश्वास नहीं हुआ और उसने उसे अपने पति के पास जाने को कहा। इसके बाद कांता अपने पीहर कल्याणपुर चली गई थी। शनिवार सुबह मुंगेड़ के लोगों को नाथू यादव के कमरे से बदबू आई तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। कमरे में ताला टंगा हुआ था। पुलिस ने ताला तुड़वाया तो अंदर नाथू यादव का शव पड़ा था। उसका शरीर काला पड़ चुका था तथा शव में कीड़े पड़ चुके थे। किसी तरह उसका शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस को पता चला कि नाथू की पत्नी कांता उसके साथ रहती थी और जब पुलिस नाथू के पैतृक मकान पहुंचा तो उसकी मां ने बताया कि चार दिन पहले बहू कांता उनके घर आई थी। शराब के नशे में उसने पति की हत्या की बात कही थी, लेकिन उसे विश्वास नहीं हुआ था। पुलिस कांता के पीहर कल्याणपुर पहुंची तथा उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें उसने पति की हत्या करना स्वीकार कर लिया। साबला थानाधिकारी मनीष खोईवाल का कहना है कि नाथू ने छह महीने पहले ही कांता से नाता प्रथा के तहत उससे विवाह किया था। कांता से पूछताछ की जानी है। जिसके बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।