'यूजीसी के नए नियम अभी सिर्फ प्रस्ताव', भागवत से मुलाकात के बाद बोले जैन संत
जैन संत पुलक सागर महाराज ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात के बाद दावा किया है कि यूजीसी के प्रस्तावित नियम अभी केवल मसौदा हैं और कानून नहीं बनेंगे।

यूजीसी नियमों पर विरोध के बीच भागवत से मिले जैन संत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत से हुई मुलाकात के बाद जैन संत पुलक सागर महाराज ने दावा किया है कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के प्रस्तावित नियमों का अभी केवल प्रस्ताव है।
उन्होंने दावा किया कि भागवत ने उन्हें बताया कि यूजीसी के नियम अभी केवल प्रस्तावित हैं, अभी केवल नियमों का मसौदा तैयार हुआ है। इन्हें न तो कानून बनाया गया और न ही आगे कानून बनाया जाएगा।
पुलक सागर महाराज ने कहा कि भीलवाड़ा में उनकी भागवत से सामाजिक समरसता, जातिवाद, देश की वर्तमान स्थिति सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई है। गुरुवार को इस संबंध में जैन संत से विभिन्न समाजों के लोगों ने मुलाकात कर यूजीसी के प्रस्तावित नियमों की आलोचना की है।
उल्लेखनीय है कि प्रस्तावित नियमों को लेकर प्रदेश में पिछले कुछ समय से आंदोलन हो रहा है। राज्य में सवर्ण एकता मंच नामक संस्था बनाकर स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा का विरोध किया गया है।
