विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उदयपुर में विस्फोटक सामग्री से भरे ट्रक में लगी आग, हाईवे पर धमाकों की आवाज से दहशत

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:39 PM (IST)

उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन हाईवे पर गुरुवार रात वाना गांव के पास विस्फोटक सामग्री से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई।

उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर विस्फोटक ट्रक में लगी आग।

उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर विस्फोटक ट्रक में लगी आग।

HighLights

  1. उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर विस्फोटक ट्रक में लगी आग।

  2. डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक में हुए कई धमाके।

  3. सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर यातायात रोका गया।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन हाईवे पर गुरुवार रात वाना गांव के पास विस्फोटक सामग्री से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते आग का गोला बन गया।

विस्फोटक सामग्री में धमाकों की आवाजें सुनाई देने से आसपास दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर रोक दिया गया। समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।

जानकारी के अनुसार ट्रक उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा था। गुरुवार रात करीब 8:45 बजे वाना गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद ट्रक में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई दीं और विस्फोटक सामग्री में कई बार धमाके होने की आवाजें सुनाई दीं।

सूचना मिलने पर खेरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर दोनों ओर यातायात रोक दिया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। ट्रक में विस्फोटक सामग्री होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भी सावधानी बरती जा रही थी।