राजस्थान में भाजपा छोड़ने वाले तिवाड़ी की पार्टी सभी विस सीटों पर चुनाव लड़ेगी
घनश्याम तिवाड़ी ने राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की।
जागरण संवाददाता, जयपुर। पिछले दिनों भाजपा छोड़कर 'भारत वाहिनी पार्टी' बनाने वाले राजस्थान के वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी ने मंगलवार को भाजपा को झटका देते हुए चार पूर्व विधायकों, एक पूर्व आइपीएस अधिकारी और संघ के स्वयंसेवकों को अपने साथ जोड़ा है।
घनश्याम ने पूर्व आइपीएस अधिकारी, 4 पूर्व विधायक और संघ के स्वयंसेवकों को भी जोड़ा
मंगलवार को जयपुर के बिड़ला सभागार में आयोजित 'भारत वाहिनी पार्टी' के पहले प्रतिनिधि सम्मेलन में भाजपा के पूर्व विधायक भंवरलाल राजपुरोहित, गुलाब सिंह राजपुरोहित, डॉ.मूल सिंह और नारायण राम बेड़ा सहित संघ के कई स्वयंसेवकों ने तिवाड़ी का सहयोग देने की घोषणा की। इन सभी नेताओं ने भारत वाहिनी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व आइपीएस अधिकारी पीएन रछोया सहित राज्य सरकार से सेवानिवृत हुए आधा दर्जन अधिकारियों ने भी भारत वाहिनी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए तिवाड़ी ने प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। तिवाड़ी ने कहा कि अगले कुछ दिनों में भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों के कई नेता भारत वाहिनी पार्टी में शामिल होंगे। राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश और प्रदेश में अघोषित आपातकाल के हालात बन गए हैं। भाजपा में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। मंत्रियों और विधायकों को बोलने और काम करने की स्वतंत्रता नहीं है।
उन्होंने कहा कि मंत्री तो मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की नाराजगी से भयभीत और विधायक मौन रहते हैं। विधानसभा में सत्तापक्ष में कफ्र्यू जैसे हालात नजर आते हैं।