अलवर में मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की मौत, एक की हालत गंभीर
राजस्थान में अलवर जिले के बहरोड़ पुलिस थाना इलाके में सोमवार को मिट्टी का टीला ढह जाने से उसके नीचे दबी तीन महिलाओं की मौत हो गई।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में अलवर जिले के बहरोड़ पुलिस थाना इलाके में सोमवार को मिट्टी का टीला ढह जाने से उसके नीचे दबी तीन महिलाओं की मौत हो गई। हादसे की शिकार हुई एक अन्य महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद पुलिस व प्रशासन के आलाधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मौका मुआयना किया। जानकारी के अनुसार हादसा अलवर जिले के बर्डोद कस्बे के बाटखानी रोड स्थित बंजारा बस्ती के पास सुबह हुआ। बस्ती के पास में ही कुछ महिलाएं मिट्टी खोदने के लिए गई थी।
महिलाओं ने मिट्टी की खुदाई शुरू की ही थी, इसी दौरान मिट्टी की बड़ा टीला ढह जाने से चार महिलाएं मिट्टी के नीचे दब गईं। उनमें से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दो महिलाएं घायल भी हुई बताई।
सूचना पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी में दबी महिलाओं को बाहर निकाला। लोग चारों महिलाओें को गंभीर हालत में बर्डोद कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र ले गए। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही तीन महिलाओं ने दम तोड़ दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक कुशाल सिंह मौके पर पहुंचे ।