यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan: नाबालिग लड़के को जंजीरों से जकड़ा, चूडियां और महिलाओं के कपड़े पहनाए
राजस्थान के सीकर में बच्ची को भगाने के आरोप में नाबालिग लड़के को गांव वालों ने सजा के तौर पर ...और पढ़ें

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के सीकर जिले में लड़की को भगाने के मामले में एक नाबालिग को जंजीरों से जकड़ कर रखने और सजा के तौर पर उसे महिलाओं के कपड़े व चूड़िया पहनाने की बात सामने आई है। उसका महिलाओं की तरह मेकअप कर के वीडियो बनाया गया और फिर इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया गया।
यह सजा पुलिस ने नहीं बल्कि ग्रामीणों ने दी। नाबालिग लड़के ने इस बात की जानकारी भय के कारण परिजनों को नहीं दी। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से परिजनों को घटना का पता चला। परिजनों ने नाबालिग से पूछताछ की तो उसने पूरी घटना के बारे में बताया। इस पर परिजनों खाटू श्यामजी पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
थाना अधिकारी बृजेश सिंह तंवर ने बताया कि पास के ही गांव में खेतों में प्याज खोदने का काम करने वाले एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 2 जून को उसके छोटे भाई को पास के ही गांव के लोग जबरन अपने साथ ले गए और उसे महिलाओं के कपड़े व चूड़ियां पहनाई। काफी देर तक जंजीरों से जकड़ कर रखा गया, जिसे बाद में कुछ लोगों ने आजाद करवाया। नाबालिग ने भय के कारण परिजनों को घटना के बारे में नहीं बताया।
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो परिजनों नाबालिग से पूछताछ की। इस पर उसने बताया कि सांवरमल, सोमनाथ, दिलीप, सुनील सहित आधा दर्जन लोग उसे जबरन उठा कर जंगल में ले गए और खुद के परिवार की बच्ची को भगाने का आरोप लगाया। जबकि वह बच्ची को भगाकर नहीं ले गया था। खेत में साथ बैठे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही प्रकरण खुलासा होगा।
