Ashok Gehlot: राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के विमान में आई तकनीकी खराबी
Technical fault in Aeroplane. राजस्थान के सीएम गहलोत के विमान में वीरवार को तकनीकी खराबी आ गई।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विमान में गुरुवार को तकनीकी खराबी आ गई। सुबह 10:26 बजे जयपुर स्टेट हैंगर से उड़ान के 24 मिनट बाद ही विमान को वापस लैंड कराना पड़ा। गहलोत को महाराष्ट्र के जलगांव जाना था।
जानकारी के अनुसार, उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद ही पायलट को विमान के बाएं इंजन में खराबी का अहसास हुआ। उसके बाद पायलट ने विमान को 10:50 बजे सुरक्षित वापस जयपुर स्टेट हैंगर पर लैंड कराया। गहलोत वीटी-एचजीएल विमान निजी कंपनी से किराए पर लिया गया था। विमान की लैंडिंग के बाद कुछ देर तक तो गहलोत ने एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में ठीक होने का इंतजार किया।
इस दौरान इंजीनियर विमान की जांच करते रहे। विमान ठीक होने में समय लगने की बात सामने आने के बाद गहलोत वापस अपने सरकारी आवास पर लौट गए। मुख्यमंत्री के साथ विमान में कृषि मंत्री लालचंद कटारिया और खान मंत्री प्रमोद जैन भी थे। इसके बाद गहलोत अपरान्ह सवा दो बजे जलगांव के लिए रवाना हुए।