Rajasthan: उदयपुर में पत्नी की हत्या कर खुद भी कर ली आत्महत्या
Murder In Udaipur. पत्नी की हत्या कर एक व्यक्ति ने खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उदयपुर, जेएनएन। Murder In Udaipur. शहर के गोवर्द्धन विलास थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर खुद भी आत्महत्या कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह दोनों के शव उनके घर से बरामद हुए। महिला का शव पलंग पर पड़ा मिला, जबकि अधेड़ का शव फंदे पर लटका पाया गया। आत्महत्या करने से पहले अधेड़ व्यक्ति ने इसके लिए जिम्मेदार बताए व्यक्ति का नाम दीवार पर लिखा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना सेक्टर चौदह की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है। जिनकी पहचान सुनील सोनी (53 ) और उसकी पत्नी सुमन सोनी (38) के रूप में हई। पुलिस का मानना है कि सुनील ने आत्महत्या करने से पहले सुमन का गला घोंटकर उसकी हत्या की। मौत गला घोटने से हुई।
थानाधिकारी चेनाराम ने बताया कि सुनील शंकालु किस्म का व्यक्ति था। घटना के कुछ दिन पहले सुमन ने अपने पति के शंका किए जाने की शिकायत महिला थाने में की थी। जिसके बाद सुनील ने पुलिस को लिखकर दिया कि वह अपनी पत्नी पर शक नहीं करेगा तथा झगड़ा भी नहीं करेगा। जिस कमरे में दोनों के शव पाए गए, उसकी दीवार पर सुनील के नाम से संदेश भी लिखा, जिसमें उसने उनकी मौत का जिम्मेदार किसी उमाशंकर उर्फ सेंटी को बताया है। पुलिस उमाशंकर उर्फ सेंटी को लेकर जांच में जुटी है।
इधर, पड़ोसियों ने बताया कि दंपती के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था। समाज और रिश्तेदारों ने उनके बीच समझौता भी कराया। सुमन ने जब महिला थाने में शिकायत की थी, उसके बाद भी उनके बीच झगड़े होते थे। बताया गया कि सुनील पेंटिंग का काम करता था तथा सुमन घरेलू महिला थी। उनके कोई संतान नहीं थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पत्नी की हत्या के बाद सुनील के आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले मेंं सेंटी की भूमिका को लेकर जांच की जानी है।