Rajasthan Local Body Elections 2019: राजस्थान निकाय चुनाव में सोशल मीडिया रहेगा भाजपा का प्रमुख हथियार
Rajasthan Local Body Elections 2019. राजस्थान में 16 नवंबर को 49 निकायों के लिए वोट पड़ेंगे। इसके लिए नामांकन भरने का काम जारी है।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान में 49 नगरीय निकायों के चुनाव में भाजपा सोशल मीडिया का भरपूर उपयोग करने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने इसके लिए अपने आईटी सेल को सक्रिय कर दिया है। खुद पार्टी अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी रविवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव के बारे में संवाद किया और सवालों के जवाब दिए।
राजस्थान में 16 नवंबर को 49 निकायों के लिए वोट पड़ेंगे। इसके लिए नामांकन भरने का काम जारी है। इसके साथ ही भाजपा ने प्रचार की रणनीति भी तैयार कर ली है और सोशल मीडिया का पार्टी पूरा उपयोग करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए हर निकाय मे बूथस्तर तक वाॅट्सएप ग्रुप बना कर केंद्र सरकार के कामकाज, राजस्थन की पिछली सरकार की उपलब्धियां और निकायों के लिए पार्टी का विजन लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही राजस्थान कीी कांग्रेस सरकार की नाकामियों को भी उजागर किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में रविवार को भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ की राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने संबोधित किया। साथ ही, कार्यशाला में आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी और सोशल मीडिया सेल प्रभारी हीरेंद्र कौशिक सहित प्रदेश के हर जिले से आए आईटी और सोशल मीडिया सेल के पदाधिकारी मौजूद रहे। ग्रुप से उस वार्ड के सक्रिय भाजपा कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा।
सतीश पूनिया ने फेसबुक लाइव के जरिए कार्यकर्ताओं से किया संवाद
इसी क्रम में पार्टी अध्यक्ष सतीश पूनिया ने रविवार को ही फेसबुक लाइव के जरिए राजस्थान के भाजपा कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर संवाद किया। उन्होने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता सभी तरह के विवाद भूल कर एकजुट होकर इस चुनाव में जुटे और पार्टी को जिताएं, क्योंकि यह जीत पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को निकाय चुनाव में प्रमुख मुद्दा बनाकर आम मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की और कहा कि शहरीी निकायों में आम जनता सोशल मीडिया का भरपूर इस्तेमाल करती है। ऐसे में हमें इसके जरिए मौजूदा सरकार की नाकामियां जनता तक पहुंचानी है।
उन्होंने जनता से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर कहा कि जब बिल क्लिंटन और बराक ओबामा सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं तो हम क्यों न करें। लाइव के दौरान एक सवाल के जवाब में सतीश पूनिया ने यह भी साफ कर दिया कि चुनाव में भाजपा विचारधारा से जुड़ने वाले अन्य विचारधारा के लोगों का भी स्वागत करेगी, लेकिन चुनाव में टिकटों को लेकर पार्टी की पहली प्राथमिकता भाजपा कार्यकर्ता ही रहेंगे।
सोमवार से भरेंगे पार्टी प्रत्याशी नामांकन
इस बीच पार्टी ने सभी निकायों में प्रत्याशियों के चयन का काम लगभग पूरा कर लिया है। भाजपा कार्यालय में रविवार को प्रत्याशी चयन समिति बैठक हुई। बैठक में प्रत्याशियों के चयन को अंतिम रूप दिया गया। सभी निकायों से जिला संगठन प्रभारी और निकाय प्रभारियों को अधिकृत प्रत्याशियों की सूची भेज दी गई। अब सोमवार और मंगलवार को प्रत्याशी नामांकन भरेंगे। पार्टी अध्यक्ष सतीश पूनिया के अनुसार, इस बार बड़ी संख्या में शिक्षित और उच्च शिक्षित युवाओं ने भाजपा के टिकट के लिए आवेदन किया है और पार्टी चाहती है कि नए चेहरों के साथ शिक्षित चेहरे भी निकायों में जन प्रतिनिधि के तौर पर उभर कर सामने आए।