Rajasthan: अमेठी के पूर्व सांसद भारत पर कटाक्ष करने वाले लोगों से करते हैं संवाद: स्मृति ईरानी
Smriti Irani. स्मृति ईरानी ने कहा कि अमेठी के पूर्व सांसद उन लोगों से संवाद करते हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत पर कटाक्ष करते हैं।
राज्य ब्यूरो, जयपुर। Smriti Irani. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि संकट के इस समय में हमारे नेता वेबिनार के जरिए देश की जनता से संवाद करते हैं, वहीं अमेठी के पूर्व सांसद उन लोगों से संवाद करते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत पर कटाक्ष करते हैं। ईरानी ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री के प्रति आश्वस्त थी, इसीलिए लॉकडाउन के दौरान उनके हर आह्वान को समर्थन दिया लेकिन यही महामारी यूपीए सरकार के समय होती तो देश का क्या हाल होता। केंद्र में भाजपा की सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर रविवार को राजस्थान की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि महामारी के इस लॉकडाउन में देश की जनता प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आश्वस्त थी। उसे पता था कि देश सक्षम हाथों में है। सरकार ने इस महामारी के दौर में हर वर्ग का ध्यान रखा। ईरानी ने कहा कि देश में कांग्रेस की भी सरकारें रहीं, लेकिन उनकी सरकारों में यदि प्रशासनिक बल होता तो देश के 11 करोड़ लोग शौचालय से वंचित नहीं होते, 38 करोड़ लोग बैंक खातों से वंचित नहीं होते। ईरानी ने कहा कि आज आत्मनिर्भर भारत की चर्चा हो रही है। हम 70 साल की आजादी में यह सोच भी विकसित नहीं कर पाए कि अपने लिए पीपीई किट का निर्माण करें, लेकिन दो महीने में आज हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े पीपीई किट निर्माता हैं। यानी चुनौती कितनी भी बड़ी हो हम पूरी कर सकते हैं।
अंदरूनी लड़ाई में भाजपा का कंधा इस्तेमाल हो रहा है:
ईरानी ने राजस्थान में राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रहे सियासी घटनाक्रम पर कहा कि सब जानते हैं यह कांग्रेस की अंदरनी लड़ाई है और इसमें भाजपा का कंधा इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि कांग्रेस का एक नेता दूसरे नेता पर प्रहार कर सके। ईरानी ने कहा कि इस राजनीतिक तमाशे से जनता में यह संदेश जाता है कि प्रदेश की सरकार खुद में इतना खंडित है कि ऐसे संकट के समय में भी एकजुट नहीं सकती।