Family controversy: भाइयों के विवाद में छह माह की बच्ची की मौत
Family controversy राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा के मदनाखेड़ी गांव में चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में 6 माह के मासूम की जान चली गई।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा के मदनाखेड़ी गांव में चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में 6 माह के मासूम की जान चली गई। झगड़े के दौरान देवीलाल ने चचेरे भाई नेनकराम पर लाठी से हमला किया। एक वार तो नेनकराम के सिर पर लगा, जबकि दूसरा वार उसकी गोद में मौजूद 6 माह की बच्ची सिया के सिर पर जा लगा। इससे बच्ची की मौत हो गई। आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने बालिका के पिता करण सिंह की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया है। दोनों भाइयों में ये झगड़ा अंधविश्वास को लेकर हुआ। गांव में बुधवार शाम देवीलाल लोधा की पत्नी में कथित रूप से देवी आने को लेकर पूजा-अर्चना चल रही थी। इसी को नेनकराम ने ढोंग बताते हुए आपत्ति जताई थी। उस समय तो देवीलाल चुप रहा और नेनकराम से कुछ नहीं कहा।
रात करीब साढ़े आठ बजे शराब के नशे में नेनकराम ने देवीलाल की पत्नी को झूठा बताते हुए गाली-गलौज की। इस पर दोनों भाइयों में झगड़ा बढ़ गया। थोड़ी देर बाद नेनकराम अपनी छह माह की पोती सिया को गोद में लेकर घर से बाहर निकला।
इस दौरान देवीलाल ने लाठी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डाॅक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची की जान चली गई।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप