भाजपा विधायक का अपनी सीएम के खिलाफ सत्याग्रह
विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने विधानसभा सत्र के दौरान भी सीएम व मंत्रियों को घेरा था।
जासं, जयपुर। राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी रविवार को अपनी ही पार्टी की सरकार में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ एकात्म सत्याग्रह करेंगे। पिछले दो वर्ष से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयानबाजी करते रहे तिवाड़ी ने विधानसभा सत्र के दौरान भी सीएम व मंत्रियों को घेरा था। तिवाड़ी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी को लेकर भी कई बार आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
इन सभी विषयों को लेकर प्रदेश इकाई की ओर से केंद्रीय अनुशासन समिति को तिवाड़ी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की। समिति ने नोटिस जारी किया और उन्होंने उसका जवाब भी दिया, लेकिन इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। तिवाड़ी ने दीनदयाल वाहिनी नाम से एक संगठन भी बना रखा है।
इसी के माध्यम से पार्टी संगठन के समानांतर गतिविधियां संचालित करते रहते हैं। तिवाड़ी ने बताया कि वह रविवार को अपने आवास से 1500 कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री निवास तक रैली निकालना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने धारा 144 लगा दी है।