उदयपुर, संवाद सूत्र। राजस्थान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई तथा जातिवाद की जनक कांग्रेस है। अपराध चरम पर है। इसके बावजूद राज्य सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। इसका दंड जनता अगले विधानसभा चुनाव में देगी। पूनिया रविवार को नाथद्वारा में भगवान श्रीनाथजी के दर्शन करने पहुंचे। इसी बीच, उन्होंने भाजपा के जिला पदाधिकारी तथा कार्यकर्ताओं से बातचीत की। सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान जैसा शांतिपूर्ण प्रदेश अपराधों की राजधानी बन गया है। यह कांग्रेस की देन है। राज्य में भ्रष्टाचार, महंगाई और जातिवाद की भी जनक कांग्रेस ही है। भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले अपराधियों के हौंसले इतने प्रबल हैं कि उनको कीलें ठोकी जा रही है और सरकार अपराधियों पर नियंत्रण करने के बजाय आंखें मूंदी बैठी है। देश में दुष्कर्म की सबसे अधिक घटनाएं राजस्थान में हो रही है। ऐसा कोई भी दिन नहीं निकलता, जब प्रदेश में कोई बड़ा अपराध ना हो। उन्होंने बूंदी में 15 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरटीआइ कार्यकर्ता अमराराम पर हमले की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का बुलंद पूरी तरह खत्म हो चुका है। इसीलिए अपराधियों में भय भी खत्म हो चुका है।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
सतीश पूनिया ने महंगाई को लेकर कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी को आड़े लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने महंगाई के नाम पर रोना मचाया, लेकिन वह यह भूल गई कि पेट्रोल व डीजल की कीमत सबसे ज्यादा उनके प्रदेश में है। उन्हें यह नहीं दिखाई देता कि पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली में पेट्रोल व डीजल की कीमतें दस रुपये तक कम हैं। राजस्थान के बिजली उपभोक्ताओं पर भी महंगाई की मार पड़ रही है। प्रदेश के लोगों को जाति के नाम पर बांटने का काम कांग्रेस ने शुरू किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों से कर्जा माफी का वादा किया था, वो अभी तक पूरा नहीं किया है। आदिवासी नौजवान रोजगार की मांग कर रहे हैं। राजस्थान में 27 प्रतिशत से ज्यादा बेरोजगारी है, किन्तु राज्य सरकार को इन आंकड़ों को नहीं देखती।
श्रीनाथजी के दर्शन किए, भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले
सतीश पूनिया ने श्रीनाथजी की श्रंगार झांकी के दर्शन किए। दर्शन बाद मंदिर परंपरानुसार बैठकजी में मंदिर अधिकारी सुधाकर शास्त्री ने उनका स्वागत किया। मंदिर से बाहर आकर चौपाटी पर पूनिया ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात की और सभी को पुदीने वाली स्पेशल चाय पिलाई। इसके बाद राजसमंद में बीजेपी आफिस में पदाधिकारियों के साथ बैठक की। यहां आजीवन सहयोग निधि अभियान के तहत राजसमंद से 21 लाख की राशि एकत्रित किए जाने की जानकारी मिली।
a