Citizenship Amendment Act: सतीश पूनिया बोले, सीएए किसी के अधिकारों को नहीं छीनता
Citizenship Amendment Act. सतीश पूनिया ने कहा कि नागरिकता किसी व्यक्ति के जीवन का पहला अधिकार है। जो उससे वंचित थे उन्हें इस पीड़ा का पता है।
उदयपुर, जेएनएन। Citizenship Amendment Act. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) किसी के अधिकारों को नही छीनता। नागरिकता किसी व्यक्ति के जीवन का पहला अधिकार है, जो इससे वंचित थे, उन्हें सम्मान से जीने का मौका मिलेगा। पूनिया ने यह बात गुरुवार को उदयपुर में भाजपा विधि प्रकोष्ठ की ओर से नागरिकता संशोधित कानून के समर्थन में आयोजित हस्ताक्षर अभियान के दौरान कही।
प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने कहा कि भारत ने विभाजन की त्रासदी झेली। उसके बाद 71 के युद्ध में बहुत सारे मूल भारतवासी, जो पड़ोसी देशों में विस्थापितों की तरह रह रहे हैं और कुछ भारत में शरणार्थियों की तरह
जीवनयापन कर रहे थे, उन्हें इस बिल के जरिए सम्मान देने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि नागरिकता किसी व्यक्ति के जीवन का पहला अधिकार है। जो उससे वंचित थे, उन्हें इस पीड़ा का पता है और मोदी सरकार अपनों को सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। पहले और वर्तमान कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले हुए। उनमें अनुच्छेद 370 और तीन तलाक बिल को खत्म करना। इसी तरह उच्चतम न्यायालय के आदेश से श्रीराम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो पाया और अब नागरिकता संशोधन बिल लाया गया। इस बिल में सभी को सम्मान से जीने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह कानून किसी की भी नागरिकता छीनता नहीं है, बल्कि उनके अधिकारों की रक्षा करता है। भारत दुनिया का एक मात्र ऐसा देश है जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, पारसी सहित जितने भी धर्म के लोग हैं, सभी को सम्मान से जीने का समान अधिकार दिया है। इस विधेयक में कांग्रेस आग में घी डालने का काम कर रही है और पर्दे के पीछे से अशांति फैलाने का काम कर रही है। इसलिए जन जागरण की आवश्यकता है और इसकी महत्ता को समझें।
भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ ने यहां अदालत परिसर में नागरिकता संशोधन बिल के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इसमें उदयपुर के सभी अधिवक्ताओं ने भाग लिया। प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अशोक सिंघवी ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत,, रोशन लाल जैन, पूर्व बार अध्यक्ष प्रवीण खण्डेलवाल, प्रदेश सह संयोजक अशोक सिंघवी आदि मौजूद थे।