Rajasthan Politics: सचिन पायलट बोले, राजस्थान में ही सक्रिय रहूंगा
Rajasthan सचिन पायलट ने साफ किया है कि मैं राजस्थान छोड़कर नहीं जाऊंगा। यहां सक्रिय रहूंगा। सूबे में ही सक्रिय रहकर 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार फिर से बनाने के लिए काम करूंगा।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने साफ किया कि मैं राजस्थान छोड़कर नहीं जाऊंगा। यहां सक्रिय रहूंगा। सूबे में ही सक्रिय रहकर 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार फिर से बनाने के लिए काम करूंगा। एक बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सत्ता में वापसी बेहद जरूरी है। इसके लिए सबको मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सूबे के लोगों से मिला समर्थन और प्यार किसी भी पद से बड़ा है। लोगों को मुझे काफी समर्थन मिला है। यहां के लोग ही मेरे लिए सब कुछ हैं। पायलट ने विपक्ष में रहते हुए तत्कालीन भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष करने वालों को सत्ता में भागीदारी देने की बात पर जोर देते हुए कहा कि इस काम में देरी हुई है। अब शीघ्र राजनीतिक नियुक्तियां होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार तीन दलित कैबिनेट मंत्री बने हैं। यह बड़ी बात है। पायलट ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। महंगाई, बेरोजगारी, किसान आंदोलन और लखीमपुर खीरी जैसे मामलों के कारण आम आदमी भाजपा से नाराज है।
सचिन पायलट ने कहा कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहेगा। लोगों को भाजपा की हकीकत पता चल गई है। पायलट ने कहा कि राजस्थान में विधानसभा सीटों पर हुए सभी उपचुनाव कांग्रेस ने जीते हैं। भाजपा राजस्थान ही नहीं, देश के अन्य राज्यों में भी उपचुनाव हारी है। सत्तारूढ़ उत्तर प्रदेश में भी भाजपा को हार दिखाई दे रही है। हार के डर से तीनों कृषि कानून वापस लिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कृषि कानून वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। देश का आम आदमी महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार आम लोगों को राहत देने का प्रयास कर रही है। पायलट ने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वादे धीरे-धीरे पूरे किए जा रहे हैं।