वसुंधरा राजे से प्रतिदिन एक सवाल पूछेगी कांग्रेस
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की यात्रा के दौरान रोजाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी सीएम से एक सवाल पूछेगी।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की शनिवार से शुरू हो रही राजस्थान गौरव यात्रा में सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि जिला कलेक्टरों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को यात्राओं की व्यवस्थाओं के लिए तैनात किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए जिला कलेक्टरों के अतिरिक्त सभी महत्वपूर्ण विभागों को अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगाया जाना यह साफ दिखाता है कि भाजपा सत्ता के लिए सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर रही है। शुक्रवार को जयपुर में पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने कहा कि प्रदेश भाजपा राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अगुवाई में राजस्थान गौरव यात्रा निकाल रही है।
उन्होंने कहा कि यात्रा 40 दिन की होगी और इस दौरान रोजाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी सीएम से एक सवाल पूछेगी। इस तरह कांग्रेस पार्टी कुल 40 सवाल सीएम राजे से पूछेगी। पायलट ने कहा कि उम्मीद है कि सीएम राजे खुलेमन से कांग्रेस के सवालों का जवाब देंगी।
अशोक गहलोत बोले, यह विदाई यात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बयान में शनिवार को चारभुजा जी से शुरू हो रही वसुंधरा राजे की यात्रा को भाजपा की विदाई यात्रा बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को हराना तय कर लिया है। अब चाहे कितनी भी यात्रा निकाली जाए मतदाताओं पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा ।