चूरू में सालासर बालाजी के पास दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने कुचला, तीन की मौत
राजस्थान के चूरू जिले में सालासर बालाजी के दर्शन को जा रहे तीन पदयात्रियों की सड़क हादसे में मौत हो ...और पढ़ें
-1789209585275_m.webp)
चूरू में सालासर बालाजी के पास भीषण हादसा (एआई से बनाई गई तस्वीर)
HighLights
सालासर बालाजी जा रहे तीन पदयात्रियों की मौत।
अज्ञात वाहन ने चूरू में देर रात टक्कर मारी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच में जुटी।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के चूरू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सालासर बालाजी के दर्शन के लिए पैदल जा रहे तीन युवकों की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात सालासर मंदिर से करीब एक किलोमीटर पहले हुई।
बता दें कि सालासर पुलिस थाने के एसएचओ शंखल लाल भारी ने बताया कि मारे गए तीनों युवक पदयात्रा पर निकले थे। ये तीनों 10 सितंबर को करीब 80 लोगों के एक समूह के साथ जायल से सालासर बालाजी के लिए पैदल रवाना हुए थे।
शुक्रवार की रात को यह पूरा जत्था सालासर से करीब 11 किलोमीटर दूर गनेरी में विश्राम करने के लिए रुका था। लेकिन, इन तीनों युवकों ने रात के समय ही आगे बढ़कर सालासर पहुंचने का फैसला किया और वे आगे निकल गए।
जब वे सालासर के पास पहुंचे, तो किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की पहचान राजेश भार्गव (उम्र 27 वर्ष), नटवर भार्गव (उम्र 29 वर्ष) और विक्रम भार्गव (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतकों के परिवार और पदयात्रियों के समूह में शोक की लहर दौड़ गई है।
