राजस्थान गृह विभाग के कर्मचारियों को सुबह 'गुड मॉर्निंग' का मेल करना होगा
राजस्थान सरकार में गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अपने सहयोगी कर्मचारियों को टेक्नो फ्रेंडली बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान सरकार में गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अपने सहयोगी कर्मचारियों को टेक्नो फ्रेंडली बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। कर्मचारियों को टेक्नो फ्रेंडली बनाने के लिए उन्होंने अपने साथियों को ऑफिशियल ईमेल आईडी बनाने के आदेश देते हुए रोजाना उन्हें मेल पर गुड मॉर्निंग लिखकर भेजने को कहा।
गृह विभाग के संयुक्त सचिव रामनिवास मेहता की ओर से जारी आदेशकी पालना नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस आदेश के मुताबिक विभाग में अब तक अधिकांश कर्मचारियों की ऑफिशियल आईडी नहीं बनी हुई है। जिस वजह से अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को सबसे पहले ऑफिशियल ईमेल आईडी बनाने के लिए कहा है। रामनिवास मेहता ने कर्मचारियों को मेल करने का फॉर्मेट भी सिखाया है।
कर्मचारियों को नाम लिख कर गुड मॉर्निंग लिखने के बाद मेल करने के लिए कहा है। इसके अलावा मेल का इस्तेमाल करते हुए कई दस्तावेजों को भी कैम स्कैन के जरिए स्कैन कर भेजने को भी कहा है। दरअसल, अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश कर्मचारी सोशल साइट्स पर सक्रिय है, लेकिन जिम्मेदारियों से बचने के लिए वो जानबूझ कर इससे अनजान बने हुए है।
अधिकारियों द्वारा कई बार कहे जाने के बाद भी जब कर्मचारियों ने मेल आईडी की जानकारी नहीं दी तो इस आदेश को जारी किया गया। आदेश के मुताबिक सभी कर्मचारियों को फोन में कैम स्केनर डाउनलोड करके रखना है और 28 अगस्त को सुबह 11 बजे तक ऑफिशियल मेल आईडी से गुड मॉर्निंग का मेल भेजना है।