Move to Jagran APP

Rajasthan Cabinet Reshuffle: अशोक गहलोत ने सभी मंत्रियों के इस्तीफे लिए, शपथ ग्रहण समारोह आज

Rajasthan Cabinet Reshuffle राजस्थान के जयपुर में मत्रिपरिषद की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभी मंत्रियों ने इस्तीफा ले लिया है। रविवार को पीसीसी की बैठक होनी है। इसके बाद जयपुर में शपथ ग्रहण समारोह होगा।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Sat, 20 Nov 2021 07:44 PM (IST)Updated: Sun, 21 Nov 2021 01:29 AM (IST)
Rajasthan Cabinet Reshuffle: अशोक गहलोत ने सभी मंत्रियों के इस्तीफे लिए, शपथ ग्रहण समारोह आज
राजस्थान के सभी मंत्रियों ने दिए इस्तीफे। फाइल

जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। राजस्थान के जयपुर में शनिवार शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में सभी मंत्रियों के इस्तीफे लिए गए हैं। संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल ने मंत्रियों के इस्तीफे दिए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। अब जिन्हें मंत्रिपरिषद में रखा जाना है, उनके इस्तीफे अस्वीकार कर दिए जाएंगे और जिन्हें बाहर किया जाना है उनके इस्तीफे स्वीकार हो जाएंगे। इधर, कांग्रेस आलाकमान ने अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल पुनर्गठन को मंजूरी देते हुए फार्मूला तय कर दिया है। पुनर्गठन साल, 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जाएगा। रविवार शाम चार बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। राज्यपाल कलराज मिश्र मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस आलाकमान के निर्देश के बाद सीएम ने शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, चिकित्सा मंत्री डा. रघु शर्मा और राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के इस्तीफे स्वीकार किए। संगठन का प्रभार मिलने के बाद इन तीनों ने इस्तीफे दिए थे। नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सीएम ने राज्यपाल से टेलीफोन पर बात की। गहलोत रविवार सुबह राज्यपाल से मिलकर मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वालों के नामों की सूची सौंपेंगे। राजभवन को अधिकारिक आग्रह पत्र भेजा गया है।

loksabha election banner

मुश्किल से बनी सहमति

मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले चेहरों को लेकर बड़ी मुश्किल से सहमति बनी। शुक्रवार रात जयपुर पहुंचे प्रदेश प्रभारी अजय माकन और गहलोत के बीच शनिवार शाम तक चार बार बैठक हुई। अंतिम बैठक शाम पांच बजे हुई, जिसमें मंत्री बनने वालों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। सीएम ने मंत्रिपरिषद की बैठक पहले शाम साढ़े पांच बजे बुलाई थी। सहमति बनने में देरी के कारण बैठक 6:45 बजे शुरू हुई। रविवार दोपहर दो बजे सभी विधायकों को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय बुलाया गया है।

गहलोत ने आलाकमान पर छोड़ा फैसला

सीएम गहलोत ने खुद की पसंद के नामों की सूची माकन को सौंप दी। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने माकन से कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जो फैसला करेगी, वह उन्हें मंजूर होगा। गहलोत ने किसान विजय सभा को संबोधित करते हुए कहा कि माकन जिस काम से यहां आए हैं, वह काम अब होगा। कौन मंत्री बनेगा और कौन हटेगा, यह फैसला आलाकमान करेगा। गहलोत बोले कि किस की लाटरी लगने वाली है यह खुद मुझे भी पता नहीं है। मैं खुद बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।

जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों के हिसाब से बनेंगे मंत्री

जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण के हिसाब से नए मंत्री बनाए जाएंगे। वर्तमान में 12 मंत्री पद खाली हैं। 200 सदस्यीय विधानसभा के 15 फीसद के हिसाब से 30 मंत्री बनाए जा सकते हैं। नौ स्थान पहले से रिक्त थे, तीन मंत्रियों ने शुक्रवार को इस्तीफे दे दिए थे। सूत्रों के अनुसार, रामलाल जाट, हेमाराम चौधरी, बृजेंद्र ओला, महेश जोशी, मुरारी लाल मीणा, गोविंद मेघवाल, जाहिदा खान, मंजू मेघवाल, राजेंद्र गुढ़ा, संयम लोढ़ा, महेंद्र मालवीय और दीपेंद्र सिंह शेखावत को मंत्री बनाया जा रहा है। हालांकि नामों की अधिकारिक घोषणा रविवार सुबह की जा सकती है। तय फार्मूले के अनुसार, पहली बार चुनाव जीतने वालों को मंत्री नहीं बनाया जाएगा। आधा दर्जन संसदीय सचिव और विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। उधर, उच्च स्तर से मिले निर्देश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने नए मंत्रियों के लिए गाड़ी और दफ्तरों का प्रबंध करना प्रारंभ कर दिया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.