Bharat Bandh: राजस्थान कांग्रेस ने भारत बंद का किया समर्थन
Rajasthan राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस किसानों के भारत बंद का समर्थन करती है। उन्होंने लिखा जैसा कि हम जानते हैं राहुल गांधी अपने हस्ताक्षर अभियान किसान और ट्रैक्टर रैली के माध्यम से किसानों की आवाज उठाते रहे हैं।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan: तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों की ओर से आठ दिसंबर को होने वाले भारत बंद का कांग्रेस ने समर्थन देने की घोषणा की है। रविवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस किसानों के भारत बंद का समर्थन करती है। उन्होंने लिखा जैसा कि हम जानते हैं, राहुल गांधी अपने हस्ताक्षर अभियान, किसान और ट्रैक्टर रैली के माध्यम से किसानों की आवाज उठाते रहे हैं। राहुल गांधी देश के किसानों के समर्थक रहे हैं। देश के हर कोने में कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के साथ खड़ा है। भारत बंद को लेकर गहलोत ने रविवार शाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व मंत्रियोें के साथ चर्चा की।
इस दौरान किसानों के बंद को सरकार का मौन समर्थन देने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। कांग्रेस संगठन द्वारा बंद के लिए किसान नेताओं का सहयोग करने को लेकर भी चर्चा हुई। बंद के दौरान प्रदेश में कहीं किसी तरह का माहौल खराब नहीं हो इसको लेकर भी बातचीत की गई। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता भी बंद कराने वाले किसान नेताओं का सहयोग करेंगे। हालांकि इस बारे में पार्टी की तरफ से कोई अधिकारिक आदेश जारी नहीं किए गए हैं, लेकिन अनौपचारिक तौर पर कार्यकर्ताओं से बंद का समर्थन करने के लिए कहा गया है।
इससे पहले अशोक गहलोत ने शुक्रवार को ट्वीट में लिखा था कि केंद्र सरकार को अविलंब तीनों कृषि कानूनों को वापस लेकर अन्नदाता के साथ किए गए दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए। उनके मुताबिक, कांग्रेस शासित चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा, जिससे किसानों की बात रख सकें। लेकिन राष्ट्रपति की कोई मजबूरी रही होगी इस कारण हमें समय नहीं मिल सका। किसानों की बात केंद्र सरकार ने नहीं सुनी, जिसके कारण किसान पूरे देश में आंदोलन कर रे हैं। लोकतंत्र के अंदर संवाद सरकार के साथ इस प्रकार कायम रहते तो चक्का जाम के हालात नहीं बनते व आम जन को तकलीफ का समाना नहीं करना पड़ता।