Rajasthan Politics: राजस्थान कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित, सचिन पायलट समर्थकों को दिया गया महत्व
Rajasthan Politics राजस्थान में अशोक गहलोत व सचिन पायलट के बीच करीब तीन माह तक चली खींचतान के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी घाषित की गई है। कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने से पहले कई बार विवाद हुआ।
जयपुर, जागरण संवाददाता। Rajasthan Politics: राजस्थान में लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार बुधवार रात को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी घोषित कर दी गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच लंबे समय तक चली खींचतान के बाद अब पार्टी नेतृत्व ने 39 सदस्यीय कार्यकारिणी को मंजूरी दी है। इसमें पायलट समर्थकों को गहलोत की अपेक्षा अधिक महत्व मिला है। कार्यकारिणी में सात नेताओं को उपाध्यक्ष बनाया गया है, जिनमें दो पायलट और पांच नेता गहलोत समर्थक हैं। महासचिव के आठ पदों में से पांच पायलट समर्थक बनाए गए हैं, जबकि तीन गहलोत समर्थक हैं। सचिव के 24 पदों में से अधिकांश पायलट समर्थक हैं। अलबत्ता, गहलोत समर्थकों के साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के समर्थकों को भी सचिव बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि गहलोत व पायलट के बीच करीब तीन माह तक चली खींचतान के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी घाषित की गई है। कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने से पहले कई बार विवाद हुआ। गहलोत व पायलट के बीच चली खींचतान के दौरान कई बार पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन को हस्तक्षेप करना पड़ा। प्रदेश कार्यकारिणी बनने के बाद अब जिला कांग्रेस कमेटियों में अध्यक्ष बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले राजस्थान सरकार ने दो दिन में करीब 300 उच्च अधिकारियों के तबादले किए थे। सोमवार देर रात करीब दो बजे बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 105 अधिकारियों के तबादले किए हैं। सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) 21 अधिकारियों के तबादले किए हैं, इनमें तीन जिलों के कलेक्टर शामिल हैं। केंद्र सरकार से प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे सुधांश पंत को जलदाय व भूजल विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव लगाया गया है। भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) 50 और भारतीय वन सेवा (आइएफएस) 28 अधिकारियों के तबादले किए हैं। सरकार ने 14 जिलों में पुलिस अधीक्षक बदलने के साथ ही पांच महानिरीक्षक भी लगाए हैं। इसके बाद मंगलवार दोपहर में राज्य प्रशासनिक सेवा के 183 अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई। इसमें अधिकांश उपखंड अधिकारी बदले गए हैं।