यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Petrol Diesel Price: मंत्रिपरिषद की बैठक में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वैट कम करने पर विचार करेंगेः अशोक गहलोत
Petrol Diesel Price अशोक गहलोत ने कहा कि 16 नवंबर को होने वाली राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में पेट्रोल और ...और पढ़ें

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि 16 नवंबर को होने वाली राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वैट कम करने पर विचार किया जाएगा। जो भी संभव हो सकेगा, वह फैसला किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कई राज्यों ने पेट्रोल और डीजल पर वैट में कमी कर के दाम घटाए हैं। जिससे राज्यों के बीच असमानता हो गई। पड़ोसी राज्यों और राजस्थान में भी कीमतों में अंतर आ गया है। रविवार को मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अशोक गहलोत कहा कि पेट्रोल और डीजल के मामले में केंद्र सरकार की नीति बहुत खराब रही है। साल, 2020 में प्रतिदिन थोड़ी-थोड़ी वृद्धि करते हुए 25-30 रुपये लीटर दाम बढ़ा दिए और फिर अचानक दिखावे के लिए पांच-10 रुपये कम कर दिए।
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस चलाएगी जनजागरण अभियान
अशोक गहलोत ने कहा कि हमारी मांग है कि केंद्र सरकार उत्पाद शुल्क में 10 से 15 रुपये और कम करे। इससे राजस्थान में 3500 रुपये के राजस्व का नुकसान होगा। गहलोत ने कहा कि रसोई गैस के दाम बढ़ा दिए गए। इस दौरान अशोक गहलोत ने कहा कि महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जनजागरण अभियान चलेगा तो केंद्र सरकार के समझ में आ जाएगा कि महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है। उनके मुताबिक, अगर समय रहते हुए फैसला नहीं किया गया तो केंद्र सरकार को भुगतना होगा। इस मौके पर अशोक गहलोत ने कहा कि मैंने पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उनके मुताबिक, केंद्र के रवैये के कारण दाम कम करने को लेकर राज्यों में प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। रविवार सुबह जयपुर से लेकर स्टेच्यू सर्किल तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सीएम अशोक गहलोत सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
