Rajasthan Politics: सियासी तकरार के बीच एक साथ दिखे गहलोत व पायलट, कहा-भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाएंगे
Rajasthan Politics राजस्थान में सियासी तकरार के बीच मंगलवार को जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट एक साथ दिखे। इस मौके पर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जयपुर में कहा कि हम सब एकजुट हैंं।
जयपुर, एजेंसी। Rajasthan Politics: राजस्थान में सियासी तकरार के बीच मंगलवार को जयपुर में सीएम अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट एक साथ दिखे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जयपुर में कहा कि हम सब एकजुट हैंं। इस बीच, अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी एक है। राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा कि अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनों ही पार्टी के लिए संपत्ति हैं।
हम सब मिलकर भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाएंगेः गहलोत
सीएम अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने कहा कि अगर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि दोनों नेता सचिन पायलट (Sachin Pilot) और मैं पार्टी के लिए संपत्ति हैं, तो हम संपत्ति हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता संपत्ति है, हम सब मिलकर भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) को सफल बनाएंगे। हम 2023 विधानसभा चुनाव जीतेंगे, क्योंकि लोग हमारा समर्थन कर रहे हैं और माहौल हमारे पक्ष में है।
ऐतिहासिक होगी यात्राः सचिन पायलट
इस बीच, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में भव्य स्वागत किया जाएगा। यह सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी के साथ ऐतिहासिक यात्रा होगी।
अशोक गहलोत बोले, विवाद कहां है
प्रेट्र के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को पार्टी के लिए संपत्ति बताए जाने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सुझाव दिया कि मामला यहीं खत्म हो जाए। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर अशोक गहलोत ने कहा कि जब राहुल गांधी ने कहा कि हमारे नेता संपत्ति हैं तो हम संपत्ति हैं, फिर विवाद कहां है। गहलोत ने पिछले सप्ताह पायलट को गद्दार कहा था। इसके जवाब में पायलट ने भी गहलोत पर निशाना साधा था।
राहुल गांधी ने कहा था, दोनों नेता पार्टी के लिए हैं संपत्ति
राहुल गांधी ने सोमवार को इंदौर में संवाददाताओं से कहा था कि दोनों नेता पार्टी के लिए संपत्ति हैं। अशोक गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह हमारी पार्टी की खूबसूरती है कि हमारे शीर्ष नेता के कुछ भी कहने के बाद आगे तर्क के लिए कोई गुंजाइश नहीं है। सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि सभी नेता मिलकर राज्य में यात्रा को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मतलब यह भी था कि पार्टी का हर कार्यकर्ता संपत्ति है।
हम विधानसभा चुनाव जीतेंगेः गहलोत
सीएम गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के सामने मुख्य मुद्दा 2023 का विधानसभा चुनाव है और दावा किया कि मूड कांग्रेस के पक्ष में है। हम विधानसभा चुनाव जीतेंगे। हमने कई अनूठी योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए हैं, जो राज्य भर के लोगों को लाभान्वित कर रहे हैं। जब मैं यात्राओं पर जाता हूं तो मुझे लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिलती है। इसका मतलब है कि सरकार फिर से बनने जा रही है। गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पर टिप्पणी करने के बजाय पार्टी को अपनी चिंता करनी चाहिए।
यह भी पढ़ेंः इमरजेंसी लाइट में मिला 31 लाख का सोना, दुबई से आ रहा यात्री गिरफ्तार