Rajasthan News: कन्हैयालाल हत्याकांड के चश्मदीद गवाह को CM अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से की पांच लाख रुपए की मदद
Rajasthan News उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज की स्पेशल विंग की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती है। कन्हैयालाल हत्याकांड के चश्मदीद गवाह होने पर उसका काम छूट गया और पुलिस सुरक्षा के बीच घर पर ही रहने के चलते परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई।
उदयपुर, संवाद सूत्र। Rajasthan News: देश भर में चर्चित उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड के चश्मदीद गवाह राजकुमार नागदा को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इसके लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष के नियमों में बदलाव किए गए हैं।
उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज की स्पेशल विंग की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती है। पिछले महीने ब्रेन हेमरेज होने पर उसे यहां भर्ती कराया गया था। कन्हैयालाल हत्याकांड के चश्मदीद गवाह होने पर उसका काम छूट गया और पुलिस सुरक्षा के बीच घर पर ही रहने के चलते परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई।
इसी साल दिसम्बर में बेटी की शादी की चिंता में होने से उसकी तबियत ऐसी बिगड़ी की वह आई्सीयू में पहुंच गया। उसके आपरेशन के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ग्रीन कोरीडोर बनाकर जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल से दो सर्जन चिकित्सकों को तत्काल उदयपुर भेजा और जहां छह घंटे तक चले आपरेशन के बाद उसकी जान तो बच गई लेकिन परिवार के भरण पोषण को लेकर चिंता होने लगी।
राजस्थान राज्य विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा ने इस मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर नागदा के परिजनों को आर्थिक सहायता जारी करने की अपील की थी। गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सचिव राजेश कुमार गुप्ता ने कन्हैयालाल हत्याकांड के गवाह राजकुमार शर्मा के परिजनों को सूचना देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष के नियमों में शिथिलता बरतते हुए मुख्यमंत्री ने पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है, जो नागदा की पत्नी पुष्पा शर्मा के खाते में जमा करा दी गई है। इस मामले में विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
उल्लेखनीय है कि इसी साल 28 जून को मुस्लिम कट्टरपंथी रियाज मोहम्मद अत्तारी व मोहम्मद गौस ने टेलर कन्हैयालाल की जघन्य हत्या कर दी थी। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपूर शर्मा द्वारा पैगंबर पर की गई टिप्पणी का समर्थन करने के विरोध में कन्हैयालाल की हत्या की गई थी। इस मामले की जांच कर रही एनआईए ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है जो न्यायिक अभिरक्षा में है। राजकुमार शर्मा भी इस मामले में चश्मदीद गवाह है।