विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान में आतंकी साजिश, सीमा के पास ड्रोन से गिराए गए आरडीएक्स और हथियार

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:22 PM (IST)

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर राजस्थान के श्रीगंगानगर में ड्रोन से गिराए गए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री पकड़ी गई है।

पाकिस्तान ड्रोन से भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक गिराए गए

पाकिस्तान ड्रोन से भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक गिराए गए

HighLights

  1. पाकिस्तान ड्रोन से भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक गिराए गए

  2. श्रीगंगानगर के रावला मंडी क्षेत्र में सामग्री जब्त की गई

  3. पंजाब के दो युवक गिरफ्तार, आतंकी साजिश की आशंका

जागरण संवाददाता, जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी क्षेत्र में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री पकड़ी।

इनमें 7.750 किलोग्राम विस्फोटक, दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 867 कारतूस शामिल हैं। ये हथियार सोमवार रात पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये गिराए गए।

पिस्टल पर मेड इन तुर्की लिखा हुआ है। आशंका है कि यह किसी बड़ी साजिश की तैयारी थी। मुखबिर से इनपुट मिलने पर बीएसएफ, आतंकवाद निरोधक दस्ते (एएनटीएफ) और रावला पुलिस ने चारकेएनएम डब्ल्यू टेल के पास कार्रवाई कर सामग्री जब्त करने के साथ ही पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इस सामग्री को भेजने वाले कौन हैं, किस मकसद से भेजा गया, इन तथ्यों की जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियों ने इस मामले में पंजाब के फिरोजपुर निवासी लखविंदर सिंह और जालंधर निवासी सुखविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष है। दोनों युवक मजदूरी के बहाने रावला क्षेत्र के गांवों में घूमकर रेकी कर रहे थे।

ड्रोन की आवाज सुनकर गश्त कर रहे बीएसएफ के जवान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट पहुंचे तो दोनों युवक पैकेट खोल रहे थे। उन्होंने एक पिस्टल निकालकर लोड कर ली थी। बीएसएफ के जवानों ने उन्हें रुकने के लिए कहा तो एक आरोपित पिस्टल निकालने लगा।

इस बीच जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, ड्रोन से कुल तीन पैकेट गिराए गए थे। इनमें दो पैकेट में जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन, 867 कारतूस और तीसरे पैकेट में सात किलो से अधिक आरडीएक्स था।

सूचना मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार और विस्फोटक सामग्री कहां भेजी जानी थी।