Rajasthan: मुख्यमंत्री के गृहनगर में भी भाजपा ने अशोक गहलोत को घेरा
Rajasthan BJP. पीपी चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना के तहत 60 फीसद प्रदेश के किसान अभी भी वंचित हैं।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Rajasthan BJP. राजस्थान की कांग्रेस नीत सरकार ने किसानों के साथ छलावा किया है। 10 दिन में कर्जा माफी का दावा करने वाली अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार में दो लाख किसानों के कर्ज माफी के बहाने उन पर कुठाराघात किया है और अब एक साल पूरा होने के साथ सरकार उस कुठाराघात का जश्न मना रही है।
केंद्र सरकार द्वारा की गई किसान सम्मान निधि की घोषणा के तहत प्रति किसान को 6000 रुपये देने की नरेंद्र मोदी की योजना पर भी कांग्रेस ने किसानों के साथ छलावा ही किया है। यह कहना है पूर्व कानून और कॉरपोरेट मंत्री रहे और वर्तमान पाली सांसद पीपी चौधरी का। वह प्रदेश सरकार के एक साल के कार्यकाल को लेकर वादाखिलाफी की चार्जशीट के साथ जोधपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
पीपी चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना के तहत 60 फीसद प्रदेश के किसान अभी भी वंचित हैं। इसकी एक मात्र कारण अशोक गहलोत की मंशा है। वह नहीं चाहते कि प्रदेश का किसान नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित की जाने वाली योजना का लाभार्थी बने। क्या हुआ कांग्रेस तेरा वादा और वो कसम वो इरादा के चार्जशीट को जनता को समर्पित करते हुए भाजपा ने जोधपुर में भी विकास कार्यो की गति को विराम लगाने का आरोप मढ़ा।
जोधपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष जगत नारायण जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृहनगर में भी कांग्रेस ने जनता के साथ छलावा किया है। कोरी घोषणाएं कर जनता को छलने का काम विगत एक साल में कांग्रेस ने किया है, जबकि यहां चल रही महत्वपूर्ण योजनाओं पर सरकार ने रोक लगा दी है।
इस बीच, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की पहली वर्षगांठ पर कहा है कि यहां की सरकार विफलताओं और कुशासन का जश्न मना रही है।
सरकार की वर्षगांठ पर भाजपा की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रमों से तो पूर्व मुख्यमंत्री राजे दूर नजर आई लेकिन प्रदेश सरकार पर ट्वीट कर हमला बोला। उन्होंने एक के बाद एक पांच ट्वीट किए। 'एक साल राजस्थान बेहाल' शीर्षक से किए इन ट्वीट्स में राजे ने प्रदेश सरकार को दो गुटों में बंटी हुई सरकार करार दिया। उन्होंने लिखा कि यह सरकार सफलतापूर्वक अपनी कुर्सियों को बचाने के जश्न में डूबी है।