Rajasthan: राजस्थान उप चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस और भाजपा, अजय माकन पहुंचेंगे आज जयपुर
चुनाव आयोग के साथ ही प्रदेश में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजस्थान की चार विधानसभा सीटों में से तीन पर होने वाले उप चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान की चार विधानसभा सीटों में से तीन पर होने वाले उप चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई है। चुनाव आयोग के साथ ही प्रदेश में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रदेश की चार विधानसभा सीटों सुजानगढ़, सहाड़ा, राजसमंद और वल्लभनगर में उप चुनाव होने हैं। इनमें से वल्लभनगर को छोड़कर शेष तीन सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने रविवार शाम प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रत्याशी चयन को लेकर विचार-विमर्श किया। इससे पहले अरूण सिंह दो दिन तक राजसमंद और भीलवाड़ा का दौरा कर के जयपुर पहुंचे।
उन्होंने भीलवाड़ा जिले की सहाड़ा व राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से संभावित प्रत्याशी को लेकर फीड़बैक लिया। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन सोमवार को जयपुर पहुंचेंगे। वे यहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद चारों चुनाव क्षेत्रों के प्रमुख नेताओं के साथ भी माकन संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन करेंगे। माकन का दो दिन तक यहां रहने का कार्यक्रम है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने भी उप चुनाव में अपने प्रत्याशी खड़े करने की घोषणा की है। तीन सीटों पर मतदान 17 अप्रैल को होगा और 2 मई को मतगणना होगी। 23 से 30 मार्च तक नामांकन-पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि सुजानगढ़ में अशोक गहलोत सरकार के तत्कालीन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री भंवरलाल मेघवाल के निधन के कारण उप चुनाव कराया जा रहा है। सहाड़ा में कैलाश त्रिवेदी व वल्लभनगर में गजेंद्र सिंह शक्तावत की मौत के कारण चुनाव हो रहा है। ये दोनों भी कांग्रेस के विधायक थे। कोरोना के कारण इनकी मौत हुई थी। राजसमंद सीट पर भाजपा की वरिष्ठ विधायक किरण माहेश्वरी के निधन के कारण चुनाव हो रहा है।