अजमेर में कांग्रेस संगठन को बनाया जाएगा और मजबूत: प्रमोद जैन भाया
अजमेर के प्रभारी एवं खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि अजमेर में कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।
अजमेर, जेएनएन। अजमेर के प्रभारी एवं खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि अजमेर में कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजमेर ने विधानसभा चुनाव में जो परिणाम दिए हैं उसका आकलन किया गया है। जो कमियां रही हैं उन्हें दूर किया जाएगा। कांग्रेस जो कहती है वह करती है उसकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है यह काम भाजपा का है जो सिर्फ कमियां ही निकालती है।
प्रमोद जैन ने कहा कि वे जयपुर में आयोजित होने वाली कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की किसान रैली में अजमेर से अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस जन को जयपुर ले जाने के विषय में कार्ययोजना बनाने आए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं अन्य कार्यकर्ताओं से मुलाकात की है। विधानसभा क्षेत्रवार कांग्रेस जन को जयपुर किसान रैली में शामिल होने के लिए तैयारी की जा रही है।
भाया ने कहा कि भाजपा ने किसानों को 50 हजार रुपया कर्जमाफी का वादा भी पूरा नहीं किया। राजस्थान ने कांग्रेस को समर्थन देकर सरकार का गठन किया है इसी लिए राजस्थान में कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र को ही सरकारी दस्तावेज बनाकर उसपर काम शुरू कर दिया है। राहुल गांधी ने जो चुनाव में घोषणा की थी उसके तहत उनकी भावनाओं को ध्यान में रखकर राजस्थान की नवगठित अशोक गहलोत सरकार ने किसानों की कर्ज माफी का ऐतिहासिक निर्णय किया। उसके लिए राहुल गांधी किसान रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कर रही है उसका सीधा लाभ आम गरीब जनता व किसानों को मिलेगा। भाजपा तो सिर्फ कमी निकालने का काम करती हैं।
खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया इस दौरान शहर कांग्रेस और देहात कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन और देहात कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व मेयर कमल बाकोलिया, पूर्व विधायक रामनारायण, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, प्रदेश महासचिव ललित भाटी, हेमंत भाटी, प्रतापसिंह यादव सहित अनेक कांग्रेस जन मंच पर मौजूद रहे।