सीएम अशोक गहलोत ने इस तरह मनाया जन्मदिन, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई
Ashok Gehlot. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपना जन्मदिन सादगी से मनाया।
जयपुर/जोधपुर, जेएनएन। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 68वें जन्मदिन पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी। वहीं, भरतपुर में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव सभा को संबोधित करने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी गहलोत को बधाई दी। गहलोत ने अपना जन्मदिन सादगी से मनाया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे सहित कई नेता और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार सुबह गहलोत के निवास पर पहुंचकर जन्मदिन की बधाई दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सुबह टेलिफोन कर सीएम को जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर जयपुर सहित कई शहरों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जयपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
जोधपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिन पर हुए विविध आयोजन
तीन मई, 1951 को जन्मे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोकगहलोत के जन्मदिवस के मौके पर उनके गृह नगर जोधपुर में सामाजिक संस्थाओं ,कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाजसेवी, जनप्रतिनिधियों द्वारा विविध आयोजन किए गए। जननायक के जन्मदिन के मौके पर इस बार जोधपुर की खुशी दुगनी है।
जोधपुर में प्रतिवर्ष अशोक गहलोत का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाता है लेकिन इस बार प्रदेश की कमान अशोक गहलोत के हाथ में होने से जोधपुर वासियों की खुशी दुगनी है ।वही इस खुशी में वैभव गहलोत के जोधपुर से लोकसभा चुनाव में लड़ने के बाद जोधपुर वासियों का प्यार अपने मुख्यमंत्री के लिए और ज्यादा उमड़ रहा है ।इसी कड़ी में जोधपुर में शहर विधायक मनीषा पंवार के नेतृत्व में शहर के के सी लोन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इसके अलावा भी कई स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किये गए है।
शहर विधायक मनीषा पवार की अगुवाई में ही कुष्ठ आश्रम में महाप्रसादी का आयोजन भी किया गया ।जिसमें कि गरीब और रोग ग्रसित तबके के आश्रम वासियों के लिए समिष्टि भोजन प्रसाद रूप में वितरित किया गया ।सूरसागर क्षेत्र में युवा कांग्रेसी नेता अजय गहलोत के नेतृत्व में गौशाला में गायों के लिए लापसी बनाई गई । हिंदू मुस्लिम भाईचारे स्वरूप संयुक्त रूप से गौशालाओं में लापसी का वितरण भी किया गया। इसके अलावा सूरसागर युवक कांग्रेस की टीम के नेतृत्व में कच्ची बस्तियों में बालकों के लिए पाठ्य पुस्तक वितरण के अलावा फल और बिस्कुट आदि का वितरण भी किया गया।
इसके अलावा युवाओं के लिए मुख्यमंत्री के जन्म दिवस के मौके पर फाल्कन क्लब की ओर से अशोक गहलोत के नाम से क्रिकेट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है जिसमें शहर की 11 टीमें हिस्सा ले रही है।
इतना ही नहीं शहर के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा कई आयोजन किए जा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री और जोधपुर के लाडले अशोक गहलोत के चाहने वालों ने सोशल मीडिया के जरिए भी अपनी खुशी का इजहार मुख्यमंत्री को बधाई देकर किया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप