Rajasthan Politics : पायलट ने कहा, कांग्रेस राज्यसभा की तीन सीट जीतेगी
Rajasthan Politics सचिन पायलट ने दावा करते कहा कि राज्यसभा में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़ेगी। आगामी समय में राजस्थान सरकार कुछ और राजनीतिक नियुक्तियां करेगी। राजनीतिक नियुक्तियों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी महत्व दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, जयपुर : राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र टोंक का दौरा किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए पायलट ने कहा कि प्रदेश को बेहतर करने के लिए 2023 में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को भारत जोड़ो अभियान की शुरुआत की जाएगी। इससे पहले एक और दो जून को प्रदेश स्तरिय कार्यक्रम का जयपुर मे आयोजन होगा।
राज्यसभा में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़ेगी
पायलट ने राज्यसभा चुनाव में चार में से तीन सीट जीतने का दावा करते हुए कहा कि राज्यसभा में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आगामी समय में राजस्थान सरकार कुछ और राजनीतिक नियुक्तियां करेगी। राजनीतिक नियुक्तियों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाएगा। प्रदेश के जलदाय मंत्री महेश जोशी के पुत्र रोहित के खिलाफ दुष्कर्म के लगे आरोपों के सवाल पर पायलट ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। उधर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जयपुर में मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस राज्यसभा चुनाव में तीन सीट जीतेगी।