Rajasthan: अब वॉट्सएप पर दीजिए पुलिस को अपराध की सूचना
Crime In Rajasthan. पुलिस मुख्यालय में वाॅट्सएप हेल्पलाइन को सक्रिय किया गया है। इसके जएि कोई भी सार्वजनिक स्थानों पर घटित अपराधों की जानकारी पुलिस से साझा कर सकता है।
जयपुर, जेएनएन। Crime, In Rajasthan. राजस्थान में अब कोई भी व्यक्ति पुलिस को कुछ चुंनिदा अपराधों के बारे मे सूचना दे सकता है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय में वाॅट्सएप हेल्पलाइन को सक्रिय किया गया है। इसके जएि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर घटित अपराधों की जानकारी पुलिस के साथ साझा कर सकता है। इसका मकसद अपराध में कमी लाकर जनता को भयमुक्त करना है।
सीआईडी अपराध शाखा के एडीजी बीएल सोनी ने एक परिपत्र जारी कर सभी रेंज व जिला पुलिस अधिकारियों को पुलिस नियंत्रण कक्ष की वाॅट्सएप हेल्पलाइन को और सक्रिय बनाते हुए इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश जारी किए हैं। सोनी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर घटित अपराध अथवा ऐसी घटनाएं, जिनमें पुलिस द्वारा कार्रवाई अपेक्षित है की जानकारी यदि किसी के पास है तो यह जानकारी पुलिस से सहज रूप से साझा करने के लिए वाॅट्सएप एक सरल माध्यम है। सभी जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष पर वाॅट्सएप हेल्पलाइन संचालित हैं, जिन पर किसी भी व्यक्ति द्वारा ऐसी सूचनाएं तथा घटना के फोटो और वीडियो पुलिस से साझा किए जा सकते हैं।
पुलिस नियंत्रण कक्ष में ऐसी व्यवस्था स्थापित की जा रही है कि आमलोगों द्वारा सूचना हेल्पलाइन पर भेजते ही प्राप्त सूचनाओं को संबंधित अधिकारी को अग्रेषित किया जाएगा। संबंधित अधिकारी द्वारा सूचना पर जो कार्रवाई की गई, उसकी रिपोर्ट प्राप्त कर वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से समीक्षा करेंगे।
इसके जरिए ये सूचनाएं दी जा सकेंगी
1. रात आठ बजे बाद शराब की दुकान खुली होना।
2. किसी स्थान से अवैध शराब व मादक पदार्थ आदि की बिक्री या भंडारण होना।
3. अवैध हुक्का बार का संचालन।
4. महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों तथा कमजोर वर्ग के व्यक्तियों के साथ कोई अप्रिय घटना या अपराध घटित होना।
5. किसी वांछित अपराधी या आपराधिक गतिविधि की सूचना।
6. ऐसी कोई घटना या दुर्घटना, जिसमें तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है।
7. ऐसी कोई गतिविधि, जिससे जनता को खतरा या गंभीर असुविधा होती हो।