Fraud: सोशल मीडिया पर लड़की बन कर ठगने के आरोप में नाइजीरियन गिरफ्तार
Nigerian arrested in fraud. सोशल मीडिया पर लड़की बन कर ठगने के आरोप में एक नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है।
जयपुर, जेएनएन। Nigerian arrested in fraud. राजस्थान पुलिस ने नाइजीरिया मूल के व्यक्ति को ठगी के आरोप में पकड़ा है। क्रिस्पियन जूलियस नाम का यह व्यक्ति सोशल मीडिया पर लड़की बन कर ठगता था। पुलिस ने इसे ग्रेटर नोएडा से पकड़ा है। इस आरोपित के खिलाफ बीकानेर निवासी एडवोकेट ग्वालदास व्यास ने शिकायत की थी। इसने फेसबुक पर विदेशी महिला की फर्जी आईडी से करीब छह लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस तीन माह से इसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि अगस्त, 2018 में बीकानेर के ग्वालदास व्यास ने ठगी का मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में कहा गया था कि पीड़ित की सोशल मीडिया पर एक युवती से जान पहचान हुई। उसने एक दिन फोन करके कहा कि वह भारत आई है और उसके पास कुछ विदेशी करेंसी व गिफ्ट हैं, जिसके चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने उसे रोक लिया है। इसके एवज में कस्टम अधिकारी भारतीय मुद्रा जमा करवाने को कह रहे हैं। तब उसने धोखे में रखकर दो-तीन बार में छह लाख रुपये से अधिक की राशि अपने खाते में डलवा ली।
बाद में व्यास को इस बात अहसास हो गया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। ठगी का यह मामला बीकानेर के नयाशहर थाने में दर्ज हुआ था। इधर, पुलिस ने टीम बनाकर जांच-पड़ताल शुरू की तो सामने आया कि ठगी करने का आरोपित ग्रेटर नोएडा में है। आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में 10 दिनों तक डेरा डाले रखा। आरोपित नाइजीरियन नोएडा की पॉश कॉलोनी स्थित आलीशान मकान में रह रहा था। फिलहाल, पुलिस आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है और उसके साथियों की जांच में जुटी है। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान अहम खुलासा हुआ है। मगर अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि देश के कई हिस्सों में रोजाना ठगी के इस तरह के कई मामले सामने आया रहे हैं।