शादी का दबाव बनाने पर हत्या, इस तरह खुला राज
murder of Woman in love affair. राजस्थान में शादी का दबाव बनाने पर महिला की हत्या के मामले में उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जासं, उदयपुर। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में पिछले महीने हुई एक महिला की हत्या का राज उसके घुटने पर लिखे मोबाइल नंबर से खुल गया। नंबरों से न केवल उसकी पहचान हुई, बल्कि हत्या का आरोपित भी पुलिस की पकड़ में आ गया।
निम्बाहेड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में 18 फरवरी को एक महिला का शव मिला था। मामले में पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या का केस दर्ज किया था। पोस्ट मार्टम के दौरान महिला के घुटनों पर मोबाइल नंबर लिखा मिला था। इसी नंबर के आधार पर महिला की पहचान हुई। उसके मोबाइल का कॉल रिकॉर्ड निकाला गया तो महिला के पड़ोस में रहने वाले लालू पुत्र गौतम पर शक हुआ। वह वारदात वाली रात ही गुजरात में मजदूरी करने की बात कहकर चला गया था। पुलिस उसकी तलाश में थी। मंगलवार को उसके निम्बाहेड़ा आते ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में उसने महिला की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि महिला से उसके प्रेम संबंध थे। वह उसे धमकाकर दुष्कर्म करता रहा। इसी बीच, महिला गर्भवती हो गई और उस पर शादी का दबाव बनाने लगी। बातचीत करने के लिए उसने निर्जन स्थान पर महिला को बुलाया और हत्या कर दी।