दिल्ली से घर छोड़कर जोधपुर पहुंची महिला से सामूहिक दुष्कर्म
घर छोड़कर जोधपुर पहुंची दिल्ली की एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। भाई से विवाद होने पर घर छोड़कर जोधपुर पहुंची दिल्ली की एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म के बाद आरोपित महिला को निवस्त्र जोधपुर शहर के मंडोर इलाके में फेंककर फरार हो गए। महिला को महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है ।
जानकारी के अनुसार, मूलत: झारखंड निवासी पीड़िता विवाह के बाद पति के साथ कानपुर में रहती थी। पति से विवाद के बाद विवाहिता के परिजन उसे दिल्ली ले गए। वहां भी उसका भाई के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। इस पर वह घर छोड़कर रेलवे स्टेशन पहुंची और जोधपुर वाली ट्रेन में चढ़ गई। शुक्रवार रात को यहां रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद उसने एक ट्रक वाले से लिफ्ट ली। ट्रक चालक महिला को सुनसान इलाके में ले गया और उससे दुष्कर्म किया। उसके बाद उसने अपने तीन अन्य दोस्तों को बुला लिया। उन्होंने ने भी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
बाद में आरोपित उसे निर्वस्त्र अवस्था में जोधपुर शहर के मंडोर इलाके में फेंक कर चले गए। शनिवार सुबह लोगों ने जब महिला को निवस्त्र देखा तो एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता ने अस्पताल स्टाफ को सामूहिक दुष्कर्म की वारदात के बारे में जानकारी दी। इस पर स्टाफ ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस अस्पताल पहुंची। वारदात के बाद महिला का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने महिला को लेकर अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।