Rajasthan Weather Update: राजस्थान के धौलपुर में पारा 48 के पार, लू चलने की चेतावनी
Rajasthan धौलपुर में रविवार को तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में भी तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। राजधानी जयपुर में दिन का तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। रविवार को धौलपुर में तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में भी तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। राजधानी जयपुर में दिन का तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों का तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियम से मध्य दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चौबीस घंटे तक लू चलने की संभावना है। हालांकि तापमान में हल्की गिरावट होने से गर्मी में राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिणी-पश्चिमी मानसून के केरल में 27 मई तक आने की संभावना जताई है। केरल में मानसून की एंट्री के बाद इसे राजस्थान में पहुंचने तक करीब तीन हफ्ते लगते हैं। यदि स्थिति सही रही ताे राजस्थान में मानसून इस बार एक सप्ताह पहले तक प्रवेश कर सकता है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि केरल में मानसून 27 मई को आ सकता है। मानसून के आने की निर्भरता उस समय की वातावरण और हवाओं की स्थिति पर रहती है।
आसमान से बरस रही आग के कारण अधिकतम पारा चढ़ने से बेहाल लोग पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। इस वीकेंड पर तीन दिन के अवकाश के चलते जम्मू संभाग के ऊधमपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पत्नीटाप सैलानियों से गुलजार है। पत्नीटाप में सभी होटल लगभग जैमपैक (फुल) हैं। अन्य राज्यों से भी सैलानी यहां पहंुच रहे हैं। वहीं, पर्यटकों की भीड़ के चलते उत्तराखंड के मसूरी और हरिद्वार में लंबा जाम लग जा रहा है। शनिवार को राजस्थान और महाराष्ट्र से सैलानियों के समूह जम्मू के पत्नीटाप पहुंचे थे। इससे पत्नीटाप में काफी ज्यादा भीड़ हो गई। पत्नीटाप के अलावा नत्थाटाप और सनासर में भी बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। इससे पत्नीटाप सर्कुलर मार्ग और सनासर मार्ग पर बीच-बीच में थोड़ा बहुत जमा देखने को भी मिला। वहीं, पत्नीटाप में भी सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे यहां भी लोगों को गर्मी ने परेशान किया।