Katrina Kaif Wedding: कट्रीना कैफ के हाथों में सजेगी सोजत की मेहंदी, जानें-इसकी खासियत
Katrina Kaif Wedding बालीवुड अभिनेत्री कट्रीना कैफ के हाथों में सोजत की मेहंदी सजेगी। इससे पहले यह मेहंदी बालीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय प्रियंका चोपड़ा सहित सहित कई बड़ी फिल्मी हस्तियों और उद्योगपतियों की बेटियों के हाथों में सज चुकी है।
जोधपुर, संवाद सूत्र। राजस्थान में जोधपुर संभाग के पाली जिले के सोजत की विश्व प्रसिद्ध मेहंदी बालीवुड अभिनेत्री कट्रीना कैफ के हाथों में सजेगी। सोजत के एक मेहंदी व्यापारी को इसका आर्डर मिल गया है और वह इसकी तैयारियों में जुट गया है। इससे पहले यह मेहंदी बालीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा सहित सहित कई बड़ी फिल्मी हस्तियों और उद्योगपतियों की बेटियों के हाथों में सज चुकी है। कैट्रीना कैफ अपने साथी विक्की कौशल के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। राजस्थान के सवाई माधोपुर की होटल सिक्स सेंस बरवाड़ा फोर्ट में इसकी तैयारियां चल रही हैं। सात से नौ दिसंबर तक शादी समारोह होना है। सोजत के मेहंदी व्यवसायी नितेश अग्रवाल की कंपनी नेचुरल हर्बल को मेहंदी का आर्डर मिला है। कट्रीना कैफ के लिए खास तौर पर 20 किलो मेहंदी और 400 हिना नेचुरल कोन सोजत से भेजे जाएंगे। मेहंदी व्यवसायी नितेश ने बताया कि 25 अक्टूबर को पहला और 10 नवंबर को दूसरा सैंपल भेजा, जो पसंद किया गया है। अब एक दिसंबर तक आर्डर की मेहंदी जयपुर भेजनी है। विशेष रूप से इसे तैयार कर रहे हैं।
सोजत मेहंदी की है विश्व में खास पहचान
पाली जिले के सोजत कस्बे की मेहंदी विश्व में अपनी अलग पहचान रखती है। यही वजह है कि शादी समारोह के अलावा अरब देशों में सामान्य दिनों के लिए भी मेहंदी खूब निर्यात की जाती है, जो कि सोजत से ही आती है।सोजत की मिट्टी में तांबे के अंश होते हैं, जो लोवसोनिया इंटेरमिस्स कंटेंट से बना हुआ है। इससे मेहंदी की क्वालिटी बेहद अच्छी हो जाती है और हाथों पर यह अच्छी रचती है। देश के अलग अलग राज्यों सहित 100 से अधिक देशों में सोजत की मेहंदी सप्लाई होती है। राजस्थानी शादी का शाही अंदाज और सोजत की मेहंदी कई फिल्मी स्टारों और बिजनेसमैन की खास पसंद रही है। जोधपुर, जयपुर, उदयपुर, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में होने वाली शाही शादियों में इसका आर्डर दिया जाता रहा है।