पाक जेल में बंद पति की सलामती के लिए 32 साल से करवा चौथ का व्रत रख रही पत्नी
लक्ष्मी देवी की पति की घर वापसी की उम्मीद को उस समय बल मिला, जब वीके सिंह ने मदद का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर की लक्ष्मी देवी 32 वर्ष से अकेले ही करवा चौथ का मना रही है। लक्ष्मी देवी व्रत रख की पाकिस्तान की जेल में बंद अपने पति भंगु सिंह की सलमाती की दुआ मांगती है, दिनभर व्रत रखने के बाद पति की फोटो देखकर व्रत खोलती है।
लक्ष्मी देवी को उम्मीद है कि उसका पति एक दिन अवश्य लौट आएगा। दरअसल,वर्ष 1985 में भंगु सिंह गलती से सीमा पार कर पाकिस्तान सीमा में चला गया। उस दौरान सीमा पर फेंसिंग नहीं होती थी, जिससे लोगों सीमा का सही ज्ञान नहीं रह पाता था। पाक सीमा में प्रवेश करते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। भंगु सिंह जब गलती से पाक सीमा में गया, तब उसकी उम्र 20 वर्ष और पत्नी लक्ष्मी देवी की उम्र मात्र 18 वर्ष थी।
तीन बच्चों की मां लक्ष्मी देवी ने मेहनत-मजदूरी कर बच्चों को पाला और आज भी वह पति की सलामती की दुअा मांग रही है। लक्ष्मी देवी की पति की घर वापसी की उम्मीद को उस समय बल मिला, जब इस मामले में वीके सिंह ने मदद का आश्वासन दिया। वीके सिंह ने ट्वीट कर कहा कि वह इस मामले की पूरी जानकारी पाक में भारत के उच्चायुक्त से लेंगे और भंगु सिंह की रिहाई के प्रयास किए जाएंगे ।