Mission 2023: जेपी नड्डा ने राजस्थान में की मिशन 2023 की शुरुआत
Mission 2023 जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को राजस्थान में मिशन 2023 की शुरुआत की। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक बृहस्पतिवार को जयपुर में शुरू हुई। पहले दिन पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महामंत्रियों के साथ बैठक की।
जयपुर, जागरण संवाददाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को राजस्थान में मिशन 2023 की शुरुआत की। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक बृहस्पतिवार को जयपुर में शुरू हुई। पहले दिन पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महामंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक में शामिल होने के लिए नड्डा बृहस्पतिवार शाम को जयपुर पहुंचे। नड्डा ने यहां हवाई अड्डे से लेकर बैठक स्थल होटल लीला तक करीब 30 किलोमीटर रोड शो किया। राजस्थान के नेताओं में एकजुटता का संदेश देने के लिहाज से नड्डा ने रोड शो के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया को अपने साथ गाड़ी में बिठाया।
रोड शो के दौरान आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 75 स्वागत द्वार बनाए गए। रोड शो के दौरान नड्डा का दो दर्जन स्थानों पर स्वागत किया गया। इस दौरान कई स्थानों पर राजस्थानी नृत्य और संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। होटल पहुंचने के बाद नड्डा ने स्व.कुशाभाऊ ठाकरे और स्व.सुंदर सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्धाटन किया। पदाधिकारियों की बैठक को शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल संबोधित करेंगे। तीन दिवसीय बैठक में 11 राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तय होगी।
बैठक में ये नेता होंगे शामिल
शुक्रवार और शनिवार को होने वाली बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों क साथ ही विभिन्न मोर्चों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री शामिल होंगे। कुल 136 नेता विभिन्न सत्रों में होने वाली बैठकों में शामिल होंगे। बैठक में शामिल होने के के लिए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, उपाध्यक्ष डीके अरुणा, भारती बेन, महामंत्री अरुण सिंह, रितुराज सिंहा, तरुण चुघ, कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, राष्ट्रीय मंत्री पंकजा मुंडे, अलका गुर्जर, लक्ष्यदीप के प्रदेशाध्यक्ष केएन कासमिकोया, लद्दाख के प्रदेशाध्यक्ष पनु चौक स्टेनजीन और सिक्किम के प्रदेशाध्यक्ष दल बहादुर चौहान, असम के प्रदेशाध्यक्ष बावेश, मेघालय के प्रदेशाध्यक्ष एरनेस्ट मावरिया, कालिटाविवेक धनखड़ संगठन महामंत्री दादर नागर हवेली,भीखु भाई प्रदेश संगठन महामंत्री बिहार, पश्चिम बंगाल के संगठन महामंत्री अमिताभ चक्रवर्ती, असम के संगठन महामंत्री फणिद्रनाथ शर्मा, उत्तरपूर्व के संगठन मंत्री अजय जामवाल, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर सहित कई नेता बृहस्पतिवार शाम तक जयपुर पहुंच चुके। अन्य नेता शुक्रवार सुबह तक पहुंचेंगे। बैठक में कुल 136 नेता शामिल होंगे।
यह रहेगा कार्यक्रम
शुक्रवार सुबह दस बजे राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेशाध्यक्ष, संगठन मंत्रियों, राज्यों के संगठन प्रभारी और सह प्रभारियों की बैठक होगी। बैठक का उद्घाटन पीएम नरेन्द्र मोदी करेंगे। मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। इस दिन कुल चार सत्र होंगे। समापन सत्र को नड्डा संबोधित करेंगे। जिनमें अलग-अलग विषयों पर चर्चा होगी। शाम छह बजे तक बैठकें चलेंगी। नड्डा शाम सात बजे जयपुर के बिड़ला आडिटोरियम में सुंदर सिंह भंडारी पर पुस्तक का विमोचन करेंगे। बिड़ला आडिटोरिय में जयपुर के प्रबुद्धजन से संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। अगले दिन शनिवार को राज्यों के प्रदेश संगठन मंत्री-महामंत्रियों की बैठक होगी।