Lockdown: जोधपुर में राहत सामग्री वितरण में भाजपा का प्रशासन पर कांग्रेसीकरण करने का आरोप
Coronavirus. भाजपा ने जिला कलेक्टर व पुलिस प्रशासन के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में भी राहत सामग्री वितरण में प्रशासन के अधिकारी भेदभाव कर रहे हैं।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Coronavirus. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिला कलेक्टर व पुलिस प्रशासन के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में भी राहत सामग्री वितरण में प्रशासन के अधिकारी भेदभाव कर रहे हैं।
जोधपुर में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी सहित भाजपा पदाधिकारियों ने सरकार और प्रशासन के प्रति नाराजगी प्रकट कर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा चिन्हित विशेष स्थानों और लोगों को ही राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। साथ ही, जो समाज सेवी संस्थाएं प्रतिदिन हजारों भोजन के पेकैट्स वितरण कर रही हैं, उनके स्वयंसेवकों के पास निरस्त कर समाजसेवी लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि लाॅकडाउन के दो सप्ताह के पश्चात भी जोधपुर में अधिकतर स्थानों पर जरूरतमंद लोगों तक राशन सामग्री नहीं पहुंची है। राशन की दुकानों से भी राशन नहीं मिला रहा है। जोधपुर की अनेक छोटी-बड़ी सामाजिक संस्थाएं जरूरतमंद लोगों के लिए प्रतिदिन हजारों भोजन के पैकेट्स बनाकर प्रशासन को देती हैं। प्रशासन उन्हें कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सुपुर्द कर देता है, जिसे वे वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंचा कर कांग्रेस द्वारा चिन्हित लोगों तक पहुंचाकर जरूरतमंद लोगो की समस्याओें को बढ़ा रहे हैं।
भाजपा नेताओें ने कहा कि ऐसे कठिन समय में जबकि सभी राजनीतिक दल सरकार के साथ खड़े हैं, ऐसे समय प्रशासन द्वारा खुलेआम कांग्रेसीकरण किया जा रहा है, जो बेहद निदंनीय है। भाजपा नेताओं ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के विस्तार को रोकने एवं इस संकट की घड़ी में सभी लोग एकजुट होकर कार्य करते हुए जोधपुर के प्रत्येक जरूरतमंद नागरिकों तक बिना भेदभाव के राहत सामग्री का वितरण हो एवं समाजसेवी स्वयं सेवकों को पास जारी हो, ये सुनिश्चित करें।
जानें, किसने क्या कहा
राहत सामग्री वितरण में पूरी कोताही बरती जा रही है और जो लोग पात्र हैं। सरकारी नियम कायदों को ध्यान में रखकर उन्हें सरकारी सुविधाएं और जन सहयोग से मिले सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है, जिसकी मॉनिटरिंग भी हो रही है।
महिपाल भारद्वाज, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, जोधपुर
---
कोरोना जैसे गंभीर विषय पर भाजपा नेताओं को राजनीति छोड़ प्रशासन और सरकार के साथ जुटना चाहिए। प्रशासन निष्पक्ष भाव से आम जनता के लिए कार्य कर रहा है ।
डॉ. अजय त्रिवेदी, संभागीय प्रवक्ता, जोधपुर कांग्रेस
यह भी पढ़ेंः बांसवाड़ा में कुवैत से आई बारात के बाद फैला कोरोना, एक ही मोहल्ले के दस लोग संक्रमित