जयपुर के थाने में RSS प्रचारक से मारपीट, 6 पुलिसकर्मी निलंबित
जयपुर के नरैना थाने में संघ के जिला प्रचारक कृष्ण अवतार को पुलिसकर्मियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल रेफर किए गए।

जयपुर के थाने में RSS प्रचारक से मारपीट।
HighLights
नरैना थाने में RSS प्रचारक कृष्ण अवतार से मारपीट।
गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर।
थानाधिकारी सहित 6 पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, जयपुर। जयपुर जिले के नरैना में शनिवार रात संघ के जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ थाने में बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर हालत में उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना से आक्रोशित संघ के पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने 6 घंटे तक थाने का घेराव किया। बाजार भी बंद हो गए। इसके बाद जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान सहाय ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
थानाधिकारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित
थानाधिकारी उमराव सिंह समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। आरोपितों के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कृष्ण अवतार के पास सांभर जिले का प्रभार है। शनिवार रात फुलेरा जाते समय नरैना थाने के पुलिसकर्मी उन्हें जबरन पकड़कर थाने ले गए। कृष्ण अवतार ने थानाधिकारी उमराव सिंह को अपना परिचय देते हुए बताया कि वे संघ के प्रचारक हैं।
आरोप है कि इस बात पर थानाधिकारी आक्रोशित हो गए। प्रचारक ने बताया कि दो पुलिसकर्मियों ने उनके हाथ-पैर पकड़ लिए और दो पुलिसकर्मियों ने उनके गुप्तांग पर हमला किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने कृष्ण अवतार पर हमला क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है।
