विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जयपुर में पंचायत चुनाव का दंगल: दूदू में फर्जी वोटिंग के आरोप पर चले लाठी-भाटे, वीडियो वायरल

Published: Sat, 24 Oct 2026 08:34 PM (IST)

जयपुर के दूदू स्थित मौजमाबाद में पंचायत चुनाव के दौरान फर्जी वोटिंग के आरोप पर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-पत्थर चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जयपुर के दूदू में पंचायत चुनाव के दौरान दो गुटों में झड़प।

जयपुर के दूदू में पंचायत चुनाव के दौरान दो गुटों में झड़प।

HighLights

  1. दूदू में पंचायत चुनाव के दौरान हिंसक झड़प हुई।

  2. फर्जी वोटिंग के आरोप पर दो गुट आपस में भिड़े।

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले के दूदू स्थित मौजमाबाद में पंचायत चुनाव के दौरान मतदान का माहौल उस वक्त रणक्षेत्र में बदल गया, जब फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के बीच हुई इस हिंसा से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

बता दें कि यह पूरी घटना मौजमाबाद कस्बे के देशवाली मोहल्ले की है, जहां पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे थे। मतदान के दौरान अचानक कुछ लोगों ने फर्जी वोटिंग होने का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह विरोध इतना बढ़ गया कि दो वार्ड पंचों के समर्थक आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

चली लाठियां और फेंके गए पत्थर

कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच जमकर लाठी-भाटा (लाठियां और पत्थर) चले। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से मतदान केंद्र के बाहर अफरा-तफरी मच गई और देशवाली मोहल्ले में भारी तनाव फैल गया। लोग अपनी जान बचाने और खुद को सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही मौजमाबाद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को खदेड़ा और भारी मशक्कत के बाद विवाद को शांत कराया।

इलाके में किसी भी तरह की और हिंसा को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की कड़ी निगरानी और पहरेदारी के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में और सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में तनाव बना हुआ है।