जयपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, माइक्रोलाइट विमान से टकराया ग्राउंड हैंडलिंग वाहन
जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह एक माइक्रोलाइट विमान को रनवे पर ले जाते समय ग्राउंड हैंडलिंग वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया।

जयपुर एयरपोर्ट पर माइक्रोलाइट विमान से टकराया ग्राउंड वाहन
HighLights
जयपुर एयरपोर्ट पर माइक्रोलाइट विमान से ग्राउंड वाहन टकराया।
विमान क्षतिग्रस्त, पायलट और एनसीसी कैडेट सुरक्षित रहे।
ग्राउंड व्हीकल प्रबंधन में चूक की आशंका, जांच जारी।
जागरण संवाददाता,जयपुर। जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को सुबह नौ बजे छोटे विमान (माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट) के साथ हादसा हो गया। विमान को रनवे पर ले जाते समय ग्राउंड हैंडलिंग वाहन ने टक्कर मार दी। इससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया।
राहत की बात यह रही कि विमान में सवार पायलट और प्रशिक्षक एनसीसी कैडेट सुरक्षित हैं। विमान को प्रशिक्षण फ्लाइट के लिए पार्किंग हंगर से हवाई पट्टी ले जाया जा रहा था। इस दौरान ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी इंडोथाई का वाहन भी हवाई अड्डा परिसर में मूव कर रहा था।
हादसे के बाद हवाई अड्डा परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों मे हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई।
हादसे के बाद हवाई अड्डा ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर और ग्राउंड व्हीकल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे ग्राउंड व्हीकल प्रबंधन में चूक की आशंका जताई जा रही है।
