अलवर के क्लब में घुसा पैंथर, वन विभाग की टीम ने सात घंटे बाद ट्रेक्यूलाइज कर किया रेस्क्यू
राजस्थान के अलवर शहर में पैंथर के आने से हड़कंप मच गया। पैंथर शहर के बीचों-बीच जीडी गर्ल्स कॉलेज के निकट जय कृष्ण क्लब में दीवार फांदकर घुस गया।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के अलवर शहर में पैंथर के आने से हड़कंप मच गया। पैंथर शहर के बीचों-बीच जीडी गर्ल्स कॉलेज के निकट जय कृष्ण क्लब में दीवार फांदकर घुस गया। इसके बाद वहां लॉन से होकर क्लब के कार्ड प्ले रुम में घुस गया।
पैंथर के आने की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब सात घंटे बाद पैंथर को ट्रेक्यूलाइज कर रेस्क्यू किया गया। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि जंगलों से होकर पैंथर बुधवार तड़के शहर में आ गया। जहां रिहायशी इलाके में बने जय कृष्ण क्लब में दीवार फांदकर घुस गया। गुर्राने की आवाज सुनकर कर्मचारियों ने पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज को देखा तब एक पेंथर क्लब के लॉन से होकर प्ले कार्ड रुम में टहलते हुए नजर आया। रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे कर्मियों ने एक जिंदा मुर्गा भी कार्ड रूम में डाला। तब भी पेंथर हाथ नहीं आया। करीब सात घंटे बाद वनकर्मियों ने कमरे के दरवाजे में ड्रिल किया, फिर बंदूक से पैंथर को ट्रेक्यूलाइज किया। अचेत होने पर पैंथर को एक दरी में लपेटकर पिंजरे में डाला गया। इसके बाद उसे सरिस्का के जंगल में छोड़ दिया गया।