किसान व बेरोजगारों के बाद अब कर्मचारियों को खुश करेगी गहलोत सरकार
किसानों और युवाओं को खुश करने के बाद अब राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश के साढ़े छह लाख सरकारी कर्मचारियों को खुश करने की तैयार कर रही है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। किसानों और युवाओं को खुश करने के बाद अब राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश के साढ़े छह लाख सरकारी कर्मचारियों को खुश करने की तैयार कर रही है। साढ़े छह लाख कर्मचारियों के साथ ही साढ़े तीन लाख सेवानिवृत कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले आदेश जारी हो जाएंगे। कर्मचारियों को आवास लोन भी सस्ती दर पर दिलवाने की तैयारी की जा रही है।
डीए 9 से बढ़कर 12 फीसदी होगा
कर्मचारियों और पेंशनर्स के डीए में 3 फीसदी की बढ़ोतरी की जा रही है। 3 फीसदी की बढ़ोतरी होने से उन्हें 9 की बजाय 12 प्रतिशत डीए मिलेगा। वर्तमान में मूल वेतन का 9 फीसदी डीए मिल रहा है। डीए में बढ़ोतरी 7वें वेतन आयोग की सिफारिश के आधार पर की जा रही है।
वित्त विभाग ने इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर फाइल मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भिजवा दी है। हाल ही में केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों का डीए बढ़ाने की मंजूरी दी थी। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पूर्व अपने चुनाव घोषणा-पत्र में किसानों की कर्ज माफी,बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने के साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने का वादा किया था। सत्ता संभालने के बाद किसान कर्ज माफी और बेरोजगारी भत्ते के तो आदेश जारी कर दिए गए थे। कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी अब की जा रही है। कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर मंत्रियों की समिति भी गठित की गई है। यह कमेटी कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर उनकी मांगों का निराकरण करने में जुटी है।