विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान के डेजर्ट नेशनल पार्क में दुखद घटना, पानी पीने पहुंचे दुर्लभ गोडावण का लोमड़ी ने किया शिकार 

Published: Wed, 21 Oct 2026 11:14 PM (IST)

जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क में हाल ही में खुले जंगल में छोड़े गए एक दुर्लभ गोडावण का जंगली लोमड़ी ने शिकार कर लिया।

दुर्लभ गोडावण का जंगली लोमड़ी ने शिकार किया।

दुर्लभ गोडावण का जंगली लोमड़ी ने शिकार किया।

HighLights

  1. जैसलमेर डेजर्ट पार्क में दुर्लभ गोडावण का जंगली लोमड़ी ने शिकार किया।

  2. हाल ही में खुले जंगल में छोड़े गए गोडावण को लोमड़ी ने मार डाला।

  3. वन्यजीव संस्थान ने शेष गोडावण को जंगल में छोड़ने की योजना टाली।

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क में दुर्लभ पक्षी गोडावण का जंगली लोमड़ी ने शिकार किया है। करीब छह माह के गोडावण को पिछले सप्ताह ही खुले जंगल में छोड़ा गया था। जैसलमेर के सम क्षेत्र में जब गोडावण प्राकृतिक जल स्रोत पर पानी पीने पहुंचा तो जंगली लोमड़ी ने गोडावण का शिकार कर लिया।

सैटेलाइट ट्रैकिंग के जरिए वैज्ञानियों को घटना के बारे में जानकारी मिली तो वन्यजीव विशेषज्ञों एवं वन विभाग के कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। वहां गोडावण के पंख और अन्य अवशेष मिले हैं। घटना के बाद भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) ने शेष सात गोडावण को जंगल में छोड़ने की योजना फिलहाल टाल दी है।

वन विभाग ने गोडावण की सुरक्षा और जंगल में छोड़े जाने के प्रोटोकाल की समीक्षा शुरू कर दी है। सम स्थित ब्रीडिंग सेंटर में पाले गए 11 गोडावण को जंगल में खुले में छोड़ने की योजना बनाई गई थी। चार अक्टूबर को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में दो गोडावण को खुले जंगल में छोड़ा गया था।

इसके बाद पिछले सप्ताह दो अन्य नर गोडावण को खुले जंगल में छोड़ा गया था। इनमें से एक का रविवार को शिकार हो गया। डब्ल्यूआईआई के निदेशक गोविंद सागर भारद्वाज ने कहा कि इस घटना से गोडावण संरक्षण अभियान का मनोबल कमजोर नहीं होगा, बल्कि मिशन को अधिक मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि देश में करीब 198 गोडावण हैं, जिनमें से 130 खुले जंगल और डेजर्ट नेशनल पार्क में है।

यह भी पढ़ें- राजस्थान: मां ने बड़े बेटे से करवाया जुड़वां भाइयों का मर्डर, प्रेमी के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश