सीकर दुल्हन अपहरण मामले में चार गिरफ्तार, दुल्हन का सुराग नहीं
सीकर में शादी के बाद विदा हो रही दुल्हन अपहरण मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है अपहृत दुल्हन और मुख्य आरोपी का पुलिस दो दिन बाद भी पता नहीं लगा पाई है।
जयपुर, जेएनएन। सीकर में शादी के बाद विदा हो रही दुल्हन के अपहरण मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इस मामले में अपहृत दुल्हन और मुख्य आरोपी का पुलिस दो दिन बाद भी पता नहीं लगा पाई है। दुल्हन को बरामद करने के लिए पुलिस ने कई जगह टीमें भेजी हैं।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में भड़कसलि गांव के रहने वाले मुकेश कुमार, अशोक रेवाड़ , दुगोली गांव के राजेश बगड़िया और नेत्र वास के महेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। यह चारों बदमाश दुल्हन के अपहरण के वक्त मुख्य आरोपी अंकित के साथ में थे। इन चारों को तो पुलिस ने पकड़ लिया। लेकिन अभी मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। इस मामले को लेकर राजपूत समाज आंदोलनरत है।
समाज का कहना है कि जब तक दुल्हन और मुख्य आरोपी नहीं पकड़ा जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अपहरण के मामले की जांच कर रही पुलिस के सामने कई तरह के तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस सूत्रों की मानें तो जिन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, उनसे पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उन्होंने गाड़ी से दुल्हन का अपहरण करवाया था। लेकिन बाद में दुल्हन और अंकित को बस में बिठा दिया था। पुलिस मान रही है कि अंकित और दुल्हन आगे बस में गए हैं और यह हो सकता है कि इसमें दोनों की रजामंदी हो।